विदेश नीति पर डोटासरा का हमला, 1 अप्रैल से कांग्रेस का जन-जागरण अभियान

Update: 2026-03-23 17:52 GMT

जयपुर। राजस्थान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने ईरान संकट के चलते गैस और तेल की किल्लत के मुद्दे पर केंद्र सरकार की विदेश नीति को कठघरे में खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि विदेश नीति की विफलता का खामियाजा देश की आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

मीडिया से बातचीत के दौरान डोटासरा ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण भारत के पुराने मित्र देश भी दूर होते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कभी भारत का करीबी रहा ईरान अब संबंधों में दूरी बना चुका है, जिससे ऊर्जा आपूर्ति पर असर पड़ रहा है।




 


1 अप्रैल से ‘संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान

डोटासरा ने घोषणा की कि राजस्थान कांग्रेस 1 अप्रैल से ‘संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान शुरू करेगी। इसके तहत पार्टी गांव-गांव और वार्ड-वार्ड तक पहुंचकर संगठन को मजबूत करेगी और जनहित के मुद्दों को उठाएगी।

पंचायत और निकाय चुनाव टालने पर सरकार पर निशाना

उन्होंने राज्य सरकार पर भी हमला बोलते हुए कहा कि पंचायत और नगर निकाय चुनाव पिछले डेढ़ साल से टाले जा रहे हैं। यह लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास है। कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर जन-जागरण अभियान चलाएगी।

डोटासरा के अनुसार, परिसीमन के बाद प्रदेश में 14,000 से अधिक ग्राम पंचायतों और 11,000 से ज्यादा नगर निकाय वार्डों में संगठन का गठन किया जाएगा। पार्टी बूथ स्तर तक अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।

पंचायती राज व्यवस्था पर भी उठाए सवाल

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पंचायती राज के ढांचे को कमजोर कर रही है और बार-बार बहाने बनाकर चुनाव टाल रही है। कांग्रेस इस अभियान के जरिए लोकतंत्र की रक्षा के लिए आवाज बुलंद करेगी।

डोटासरा ने केंद्र सरकार पर यह भी आरोप लगाया कि वह अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर स्पष्ट रुख नहीं अपना रही और अमेरिका को खुश करने की कोशिश में लगी है, जिससे देश के हित प्रभावित हो रहे हैं।

भीलवाडा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए समाचार प्रेम कुमार गढवाल Email - bhilwarahalchal@gmail.com

व्हाट्सएप - 9829041455 विज्ञापन - विजय गढवाल 6377364129 सम्पर्क - भीलवाडा हलचल कलेक्ट्री रोड,नई शाम की सब्जी मंडी भीलवाडा

Tags:    

Similar News