खाकी ने निभाया रिश्तों का फर्ज: पुलिसकर्मियों ने सफाई कर्मचारी की बेटी के विवाह में भरा 'मायरा'

Update: 2026-02-28 14:30 GMT


हनुमानगढ़ :-----हनुमानगढ़ पुलिस ने कर्तव्य के साथ-साथ मानवीय संवेदनाओं की एक अनूठी मिसाल पेश की है। पुलिस विभाग में वर्षों से सेवाएं दे रहे सफाई कर्मचारी धीरज कुमार की पुत्री पूजा के विवाह समारोह में पुलिसकर्मियों ने 'भाई' की भूमिका निभाते हुए पारंपरिक मायरा भरा।

सीओ सिटी मीनाक्षी और जंक्शन थानाधिकारी रामचंद्र कस्वां के नेतृत्व में वृत्त कार्यालय और थाना जंक्शन के स्टाफ ने विवाह में पहुंचकर चुनरी ओढ़ाई, नेग भेंट किया और गृहस्थी का आवश्यक सामान प्रदान किया।

वर्दीधारियों को इस पारंपरिक रस्म को निभाते देख माहौल भावुक हो गया। यह कदम दर्शाता है कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था ही नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और अपनत्व का भी प्रतीक है।

हनुमानगढ़ पुलिस की इस संवेदनशीलता की पूरे क्षेत्र में प्रशंसा हो रही है, जिसने सिद्ध कर दिया कि खाकी के भीतर एक बेहद मानवीय और मददगार दिल धड़कता है।

Similar News