कुचामन बंद: भाजपा नेता को मिली जान से मारने की धमकी, कानून व्यवस्था के विरोध में उतरे व्यापारी
नागौर। डीडवाना-कुचामन जिले के कुचामन शहर में आज कानून व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों को मिल रही धमकियों के विरोध में बंद रखा गया है।
जानकारी के अनुसार 14 फरवरी से भाजपा नागौर देहात के जिला उपाध्यक्ष विजय सिंह पलाड़ा को पुलिस प्रोटेक्शन मिलने के बाद भी मोबाइल पर लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।
गैंगस्टर चारण ने ऑडियो भेज कर कहा- जो हाल रमेश रुलानिया का हुआ था, वही तेरा होगा। दो-चार दिन की देरी हो सकती है, लेकिन तू कहीं भी चला जा, तुझे मार देंगे। जो तू कर रहा है न उसकी सजा तुझे भुगतनी पड़ेगी।
आरोप है कि रोहित गोदारा गैंग से जुड़ा बदमाश वीरेंद्र चारण उनसे फिरौती मांग रहा है। इन धमकियों के बाद व्यापारियों और आम लोगों में नाराजगी बढ़ती गई। इसके चलते शहर में विरोध शुरू हुआ और मंगलवार सुबह से ही बाजार बंद रखने का फैसला लिया गया।
आज कुचामन बंद के आह्वान के बाद स्थानीय कनोई पार्क में धीरे-धीरे लोग जुटने लगे हैं। यहाँ एक आम सभा होगी, जिसमें सर्व समाज के लोग और कई बड़े नेता शामिल हो सकते हैं।
आम सभा के बाद रैली निकाली जाएगी। रैली स्थानीय पुलिस थाने तक जाएगी, जहां विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
