आरक्षण की हुंकार: जयपुर में उमड़ा माली-सैनी समाज का सैलाब,: 12% कोटे के लिए विधानसभा घेराव की चेतावनी
जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर बुधवार को 'आरक्षण' के नारों से गूंज उठी। माली, सैनी, कुशवाह, शाक्य, मौर्य और सुमन समाज के हजारों लोगों ने 12 प्रतिशत अलग आरक्षण की मांग को लेकर जयपुर के 22 गोदाम सर्किल पर जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। प्रदेश के कोने-कोने से आए समाज के प्रतिनिधियों ने अपनी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर विधानसभा घेराव के लिए कूच किया।
भरतपुर से जयपुर तक 'जन अधिकार यात्रा'
आरक्षण संघर्ष समिति के आह्वान पर यह आंदोलन भरतपुर के गंधार क्षेत्र से शुरू हुई 'जन अधिकार यात्रा' के रूप में राजधानी पहुंचा। यात्रा गांव-गांव और कस्बों से गुजरते हुए समाज को एकजुट कर जयपुर पहुंची। संघर्ष समिति के संगठन महामंत्री विनोद भूदोली ने बताया कि यात्रा बस्सी और घाट की गूणी होते हुए 22 गोदाम पहुंची है। उन्होंने चेतावनी दी कि अभी आंदोलन गांधीवादी तरीके से चल रहा है, लेकिन यदि सरकार ने मांगों पर जल्द सुनवाई नहीं की, तो पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन छेड़ा जाएगा।
ये हैं समाज की 11 सूत्रीय प्रमुख मांगें
समाज की ओर से सरकार के सामने रखे गए मांग पत्र में ये मुद्दे प्रमुख रहे:
आरक्षण: समाज के लिए अलग से 12 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था।
राष्ट्रीय स्मारक: महात्मा ज्योतिबा फुले और संत लिखमीदास महाराज की जन्मस्थली को राष्ट्रीय स्मारक का दर्जा।
संस्थान: महात्मा ज्योतिबा फुले शोध संस्थान और फुले दंपती संग्रहालय का निर्माण।
बोर्ड गठन: बागवानी बोर्ड, महाराजा सूरजमल बोर्ड और महात्मा फुले फाउंडेशन की स्थापना।
मंडी प्राथमिकता: फल-सब्जी मंडियों में समाज के व्यापारियों और किसानों को प्राथमिकता।
पुलिस छावनी में तब्दील हुआ 22 गोदाम क्षेत्र
हजारों की तादाद में पहुंचे प्रदर्शनकारियों को देखते हुए प्रशासन ने 22 गोदाम और विधानसभा मार्ग पर भारी पुलिस बल तैनात किया। प्रदर्शन के कारण यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई। समाज के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने मंच से हुंकार भरते हुए कहा कि अब समाज अपने अधिकारों के लिए पीछे नहीं हटेगा।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.
