खटीक बने मातृकुंडिया महासभा के कार्यकारी संभागीय अध्यक्ष, राजसमंद में ढोल-नगाड़ों से हुआ जोरदार स्वागत

Update: 2026-02-25 15:10 GMT

 

राजसमंद/उदयपुर। आम मेवाड़ खटीक पंच महासभा मातृकुंडिया के नवनियुक्त कार्यकारी संभागीय अध्यक्ष शांतिलाल खटीक (राश्मि) का बुधवार को राजसमंद आगमन पर समाजजनों ने ऐतिहासिक स्वागत किया। कलालवाटी चौराहे पर आतिशबाजी और ढोल-नगाड़ों की गूंज के साथ समाज के युवाओं और वरिष्ठों ने पुष्प वर्षा कर अपनी खुशी का इजहार किया।

साफा और ऊपरना पहनाकर किया अभिनंदन

दशा माता मंदिर परिसर में आयोजित स्वागत समारोह में खटीक समाज राजनगर के अध्यक्ष प्यारेलाल खींची ने शांतिलाल खटीक का तिलक लगाकर, मेवाड़ी साफा और ऊपरना पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। उनके साथ आए कार्यकारिणी सदस्य श्याम चौहान (पूर्व प्रधान), भेरूलाल राश्मि, लाभचंद खोईवाल सहित अन्य पदाधिकारियों का भी समाज द्वारा भव्य बहुमान किया गया।




 


कुरीतियों पर प्रहार: "एक रुपये की हेरा-फेरी विष्ठा खाने के समान"

अपने संबोधन में शांतिलाल खटीक ने समाज सुधार के लिए कड़े तेवर दिखाए। उन्होंने दो-टूक कहा कि "समाज की संस्था में एक रुपये की हेरा-फेरी भी विष्ठा खाने के समान है।" उन्होंने समाज में बढ़ते 498-A के मामलों, शादियों में बढ़ती फिजूलखर्ची, और महँगे कपड़े-बर्तन देने की प्रथा पर रोक लगाने की आवश्यकता जताई। उन्होंने शिक्षा के प्रसार को समाज की पहली प्राथमिकता बताया।

युवक-युवती परिचय सम्मेलन का सुझाव

बैठक में पूर्व प्रधान श्याम चौहान ने बढ़ती उम्र के अविवाहित युवक-युवतियों के लिए 'परिचय सम्मेलन' आयोजित करने की जरूरत बताई। किशन लाल टेपन ने मातृकुंडिया संस्था के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डाला। अधिवक्ता ईश्वर खटीक और शैलेंद्र खींची ने भी अपने विचार रखे और कहा कि समाज का पद 'कांटों का ताज' होता है, जिसे मजबूती और ईमानदारी से निभाना होगा।

समाज की एकजुटता का संकल्प

बैठक में राजसमंद जिला अध्यक्ष प्यार चंद्र खींची, मांगीलाल पहाड़िया, नाथू लाल खींची सहित सैकड़ों समाजजनों ने एक स्वर में नवनियुक्त अध्यक्ष को विश्वास दिलाया कि राजसमंद समाज उनके हर नेक कार्य में तन-मन-धन से साथ खड़ा है। कार्यक्रम का सफल संचालन सम्पत पहाड़िया ने किया।

Similar News

आरक्षण की हुंकार: जयपुर में उमड़ा माली-सैनी समाज का सैलाब,: 12% कोटे के लिए विधानसभा घेराव की चेतावनी

हेल्थ वॉरियर्स की कुंडली अब एक क्लिक पर:: 28 तक डेटा फीडिंग अनिवार्य, वरना अटक सकता है मार्च का वेतन