नई चेतना 4.0: सुरक्षा सखियों को आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा एवं जेंडर जागरूकता का दिया प्रशिक्षण

Update: 2025-12-23 11:50 GMT

राजसमंद। नई चेतना 4.0 पहल बदलाव की राष्ट्रीय स्तर की जेंडर अभियान के अंतर्गत दीनदयाल अंत्योदय योजना–राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत राजीविका द्वारा गठित स्वयं सहायता समूहों की सुरक्षा सखियों के लिए लिंग आधारित हिंसा के विरुद्ध जागरूकता, साइबर सुरक्षा एवं आत्मरक्षा प्रशिक्षण का आयोजन रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में किया गया। कार्यक्रम जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा एवं जिला पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रजत विश्नोई एवं जिला परिषद की अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं जिला परियोजना प्रबंधक राजीविका डॉ. सुमन अजमेरा के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ।

उद्घाटन सत्र में जिला कलक्टर ने कहा कि समाज में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक एवं मानसिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाना आवश्यक है, क्योंकि सशक्त महिला से ही सशक्त परिवार और सशक्त समाज का निर्माण होता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण का निर्माण करना तथा महिला-पुरुष के बीच भेदभाव को कम करना है। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे हिंसा के विरुद्ध आवाज उठाएं तथा आज सीखे गए आत्मरक्षा के दांव-पेच अन्य महिलाओं एवं किशोरियों को भी सिखाएं, जिससे वे कठिन परिस्थितियों में स्वयं की रक्षा कर सकें।

पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता ने कहा कि सुरक्षा सखी समाज और पुलिस के बीच सेतु का कार्य करती हैं। उनका दायित्व है कि प्रत्येक जरूरतमंद एवं पीड़ित महिला को सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने हेतु पुलिस विभाग से समन्वय स्थापित कर कार्य करें। उन्होंने बेटियों को शिक्षित व जागरूक बनाने, मोबाइल के सीमित एवं सदुपयोग तथा साइबर अपराध से सतर्क रहने का संदेश दिया। साइबर अपराध की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तत्काल सूचना देने की अपील की।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रजत विश्नोई ने महिला एवं बालिका सुरक्षा से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं व्यवस्थाओं जैसे वन स्टॉप सेंटर, महिला सलाह एवं सुरक्षा केंद्र, महिला हेल्प डेस्क आदि की जानकारी दी। जिला परिषद की अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. सुमन अजमेरा ने कहा कि महिलाएं महिलाओं की भावनाओं को बेहतर समझती हैं। पीड़ित महिला के साथ खड़े होकर सहयोग करने से उसका आत्मविश्वास बढ़ता है और उसे संबल मिलता है।

राजीविका के जिला प्रबंधक भेरूलाल बुनकर ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए महिलाओं के सशक्तिकरण एवं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में जेंडर अभियान 4.0 के अंतर्गत समाज में महिलाओं के सम्मान, समान अवसर एवं अधिकारों को लेकर जेंडर प्रतिज्ञा दिलाई गई।

कार्यक्रम में महिला सेल से एएसआई लक्ष्मण सिंह राणावत, महिला कॉन्स्टेबल धीरज सोलंकी, राजीविका से जिला लेखाकार हेमंत छीपा, ब्लॉक परियोजना प्रबंधक अजय माली, पुष्पा गायरी, एरिया कॉर्डिनेटर गणेश बुनकर, मनोज जायसवाल, भरत शर्मा, आत्मरक्षा प्रशिक्षण टीम एवं कालिका पेट्रोलिंग यूनिट के सदस्य उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News