सीकर रेलवे स्टेशन पर बम ब्लास्ट की खबर से मची अफरा-तफरी, बाद में निकली सिविल डिफेंस की मॉक ड्रिल
सीकर। सीकर रेलवे स्टेशन पर आज बम ब्लास्ट की सूचना से हड़कंप मच गया। शुरुआती जानकारी में पांच लोगों की मौत और 13 के घायल होने की बात सामने आई, जिससे स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि बाद में स्पष्ट हुआ कि यह कोई वास्तविक हादसा नहीं था, बल्कि सिविल डिफेंस द्वारा आयोजित एक मॉक ड्रिल थी, जिसमें बम विस्फोट का दृश्य तैयार किया गया था।
जैसे ही ब्लास्ट की सूचना दी गई, सिविल डिफेंस, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। सीकर कलेक्टर मुकुल शर्मा ने बताया कि आपातकालीन परिस्थितियों में तैयारियों को परखने के लिए यह अभ्यास किया गया। ड्रिल के दौरान अलग-अलग टीमों का रिस्पांस टाइम जांचा गया और यह देखा गया कि घायल व्यक्तियों को कितनी तेजी से अस्पताल पहुंचाया जा सकता है।
मॉक ड्रिल में यह भी परखा गया कि भीड़भाड़ वाले इलाके से लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया कितनी प्रभावी है। अधिकारियों ने बताया कि कई बार आपात स्थिति में स्ट्रेचर तुरंत उपलब्ध नहीं हो पाता, ऐसे में घायलों को कंबल या अन्य साधनों से सुरक्षित तरीके से बाहर निकालकर इलाज के लिए पहुंचाने का अभ्यास भी कराया गया।
हालांकि इस दौरान एक बड़ी लापरवाही भी सामने आई। ड्रिल शुरू होने से पहले ही कुछ पुलिसकर्मी और प्रशासनिक अधिकारी रेलवे स्टेशन पर मौजूद थे, जिससे गोपनीयता और वास्तविकता पर सवाल खड़े हुए। इस पहलू को लेकर भी समीक्षा की बात कही जा रही है।