भीषण सड़क हादसे में सरकारी शिक्षक सहित परिवार के 3 सदस्यों की मौत, 14 बच्चे हुए अनाथ
डूंगरपुर। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक हृदय विदारक सड़क हादसा हुआ, जिसने एक ही परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। बोरी गांव के पास एक बाइक के ट्रॉले में घुस जाने से सरकारी शिक्षक, उनकी पत्नी और भाभी की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे ने न केवल गांव में मातम फैला दिया है, बल्कि परिवार के 14 बच्चों के सिर से साया भी छीन लिया है।
शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा
कोतवाली थाने के SI रमेशचंद्र ने बताया कि ढेड़को का वेला निवासी मगनलाल (50) खराड़ी, जो पारगी फला नेगाला प्राइमरी स्कूल में शिक्षक थे, अपने ससुराल हिराता गोलआंबा में आयोजित एक शादी समारोह में गए थे। वहां से वे अपनी पत्नी विमला खराड़ी (45) और चचेरी भाभी ललिता (45) के साथ बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे।
ट्रॉले के अचानक ब्रेक मारने से घुसी बाइक
रात करीब 8 बजे जब वे बोरी मोड़ के पास पहुंचे, तभी उनके आगे चल रहे एक ट्रॉले के चालक ने अचानक जोर से ब्रेक लगा दिया। अंधेरा होने और अचानक ब्रेक लगने के कारण बाइक सीधे ट्रॉले के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों ने मौके पर ही या अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
गांव में पसरा सन्नाटा, 14 बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़
इस हादसे की खबर जैसे ही ढेड़को का वेला गांव पहुंची, वहां कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि मगनलाल के भाई की मृत्यु 3 साल पहले ही हो चुकी थी। अब इस हादसे के बाद परिवार के कुल 14 बच्चे अनाथ हो गए हैं। पुलिस ने ट्रॉले को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा
फोन: 7737741455
