उदयपुर-जयपुर रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत: ट्रेनों के समय में हुआ महत्वपूर्ण बदलाव
उदयपुर, । मेवाड़ और राजस्थान के रेल यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर है। पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया की पहल पर रेल मंत्रालय ने जयपुर जंक्शन पर दो प्रमुख ट्रेनों के समय में बदलाव किया है। इस निर्णय से यात्रियों को अब जयपुर में ट्रेन बदलने के लिए पर्याप्त समय और बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
कनेक्टिविटी की समस्या हुई दूर
अब तक ट्रेन संख्या 19665 (खजुराहो-उदयपुर सिटी) और ट्रेन संख्या 12249 (शाकुर बस्ती-जैसलमेर) का जयपुर पहुँचने का समय लगभग एक जैसा था। इस कारण यात्रियों, विशेषकर सैनिकों और बुंदेलखंड की ओर जाने वाले लोगों को ट्रेन बदलने में काफी असुविधा होती थी।
यह हुआ बदलाव
रेल मंत्रालय द्वारा जारी नए शेड्यूल के अनुसार शाकुर बस्ती-जैसलमेर एक्सप्रेस-अब जयपुर जंक्शन पर रात्रि 10.50 बजे पहुँचेगी और 11 बजे प्रस्थान करेगी। खजुराहो- उदयपुर सिटी एक्सप्रेस- यह ट्रेन अपने पुराने समय से 10 मिनट पहले जयपुर पहुँचेगी।
सैनिकों और आम नागरिकों को सीधा लाभ
राज्यपाल कटारिया ने यात्रियों की इस समस्या को लेकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की थी। इस बदलाव से ग्वालियर, आगरा, मुरैना, धौलपुर और बुंदेलखंड के यात्रियों को लाभ होगा। विशेष रूप से पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में तैनात जवानों के लिए अब जयपुर में ट्रेन बदलना आसान हो जाएगा। उदयपुर के निवासियों ने इस सकारात्मक कदम के लिए खुशी जाहिर की है।