उदयपुर, । उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन एवं उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने बीते दो वर्षों में विकास, सुशासन और जनकल्याण को नई दिशा दी है। सरकार की योजनाएं अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुँची हैं और इसका प्रत्यक्ष प्रमाण यह जिला स्तरीय प्रदर्शनी है।
विधायकगण ने यह विचार राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को सूचना एवं जनसंपर्क विभाग कार्यालय सूचना केंद्र परिसर में आयोजित जिला स्तरीय प्रदर्शनी के शुभारंभ अवसर पर व्यक्त किए। इस अवसर पर संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी, जिला कलक्टर नमित मेहता, युआईटी पूर्व चेयरमैन रविन्द्र माली भी बतौर अतिथि उपस्थित रहे। प्रारंभ में अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के सूचना केंद्र पहुंचने पर उपनिदेशक जनसंपर्क गौरीकान्त शर्मा ने स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा जिला विकास पुस्तिका का विमोचन किया गया। उपनिदेशक शर्मा ने अतिथियों को प्रदर्शनी का अवलोकन कराया। उन्होंने अवगत कराया कि प्रदर्शनी में राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उदयपुर जिले में हुए प्रमुख विकास कार्यों, जिले में वर्षपर्यन्त हुए बड़े आयोजनों, अति विशिष्ट व्यक्तियों के प्रवास, हीटवेव, अतिवृष्टि जैसे आपदा समय में सरकार और प्रशासन के प्रबंधन सहित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं, नवाचारों एवं विकास परियोजनाओं को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है, जिससे आमजन को सरकार के दो वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों से प्रत्यक्ष रूप से अवगत कराया जा रहा है।
उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन ने कहा कि सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत ढांचे और रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। आमजन को योजनाओं की जानकारी देना और उन्हें योजनाओं से जोड़ना सरकार की सर्वाच्च प्राथमिकता है। उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, बिजली और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के माध्यम से विकास को गति मिली है और आमजन को इसका सीधा लाभ मिल रहा है।
संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी ने कहा कि इस तरह की प्रदर्शनी शासन की योजनाओं और उपलब्धियों को जनसामान्य तक पहुँचाने का प्रभावी माध्यम है। जिला कलक्टर नमित मेहता ने बताया कि जिला विकास पुस्तिका में अधोसंरचना विकास, योजनागत प्रगति तथा सामाजिक एवं आर्थिक क्षेत्रों में किए गए कार्यों का समग्र विवरण शामिल किया गया है।
कार्यक्रम में सहायक कलक्टर सृष्टि डबास, अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर जितेंद्र ओझा, संयुक्त निदेशक सांख्यिकी पुनीत शर्मा, उपनिदेशक उद्यानिकी कैलाशचंद्र शर्मा, सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी विपुल कुमार शर्मा, सहायक जनसंपर्क अधिकारी विनय सोमपुरा, जयेश पण्ड्या सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे। सभी ने प्रदर्शनी एवं विकास पुस्तिका को जनोपयोगी बताते हुए सराहना की।
बड़ी संख्या में लोगों ने किया प्रदर्शनी का अवलोकन
जिला स्तरीय प्रदर्शनी के उद्घाटन दिवस पर पूरे दिन बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, युवाओं एवं आमजन ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। आगंतुकों ने राज्य सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को करीब से समझा तथा योजनाओं से जुड़ी विस्तृत जानकारी प्राप्त की। यह प्रदर्शनी 18 दिसम्बर 2025 तक चलेगी और प्रतिदिन सुबह 9.30 बजे से शाम 6 बजे तक आमजन के अवलोकन के लिए खुली रहेगी।
