महावीर इंटरनेशनल ने सेवा कार्यों में रचा कीर्तिमान: 180 दिनों में पूर्ण किए 280 सेवा प्रकल्प
उदयपुर । महावीर इंटरनेशनल उदयपुर केंद्र ने सेवा की दिशा में नए आयाम स्थापित करते हुए पिछले 180 दिनों में कुल 280 सेवा प्रकल्पों को सफलतापूर्वक संपन्न किया है। केंद्र के अध्यक्ष वीर रविंद्र सुराणा ने बताया कि संस्था सेवा के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रही है।
नेत्र चिकित्सा और जीवन रक्षक किट का वितरण
9 अप्रैल 2026 को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, भल्लो का गुड़ा में महावीर इंटरनेशनल और जैन सोशल ग्रुप लोटस संगिनी के संयुक्त तत्वाधान में निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 550 ग्रामीणों की आंखों की जांच की गई और 306 जरूरतमंदों को निशुल्क चश्मों का वितरण किया गया। इस कार्य में एएसजी (ASG) नेत्र चिकित्सालय का तकनीकी सहयोग रहा। साथ ही, गांव में 100 जीवन रक्षक किट वितरित किए गए और ऑक्सीजन मिशन के बैनर तले जन-जागरूकता अभियान चलाया गया।
रक्तदान में बनाया रिकॉर्ड: 435 यूनिट रक्त संग्रहित
आयड जैन मंदिर में अनुष्का ग्रुप के सहयोग से आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं ने भारी उत्साह दिखाया। शिविर में कुल 435 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। केंद्र अब तक 6 रक्तदान शिविरों के माध्यम से लगभग 900 यूनिट रक्त एकत्र करवा चुका है। इस अवसर पर रक्तदाताओं को गणेश जी की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया और 200 जीवन रक्षक किट वितरित किए गए। विशेष रूप से सदस्य तनिष्क सुराणा, यश बड़ीवाल और अभिनव भंडारी सहित अन्य युवाओं ने भी रक्तदान कर प्रेरणा पेश की।
अन्य सेवा गतिविधियां एवं सम्मान
प्रताप नगर राजकीय प्राथमिक उच्च विद्यालय में बच्चों को कॉपियां, टी-शर्ट और नाश्ता वितरित किया गया। इसके अतिरिक्त, गुरु कमल चंद्र रोशन गौशाला में 300 तपस्वियों और 100 से अधिक सेवादारों का सम्मान किया गया। मासिक बैठक के दौरान आरएनटी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राहुल जैन को सम्मानित किया गया और होली मिलन समारोह का आयोजन हुआ।
उपस्थिति:
इस दौरान सचिव सुरेश बादीवाल, कोषाध्यक्ष अशोक खुर्दिया, ट्रस्टी बी.एल. खमेसरा, फाउंडर सदस्य के.एल. कोठारी, आर.के. चतुर, राजमल कोठारी, अरुण कोठारी, राजेंद्र सुराणा, राजेंद्र भंडारी, स्वराज जैन, कृष्ण भंडारी और दिलीप सुराणा सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
