खनन क्षेत्र सुधारों और नवाचारों का रोडमैप करें तैयार - मुख्य सचिव

By :  vijay
Update: 2026-03-21 13:20 GMT

उदयपुर,। राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने अपने उदयपुर दौरे के दौरान शनिवार को पंचवटी स्थित राजस्थान स्टेट माइंस एंड मिनरल्स लिमिटेड (आरएसएमएमएल) मुख्यालय का निरीक्षण किया। इस अवसर पर संस्थान के प्रबंध निदेशक पी. रमेश, एजीएम दीपक मेहता, वित्तीय सलाहकार भारती राज सहित अन्य अधिकारियों ने मुख्य सचिव का स्वागत किया।

मुख्य सचिव ने आरएसएमएमएल की विभिन्न गतिविधियों, प्रशासनिक प्रतिवेदन एवं कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी ली। प्रबंध निदेशक पी. रमेश ने संस्थान का इतिहास, वर्तमान गतिविधियां, उत्पादन क्षमता, विक्रय व्यवस्था तथा भविष्य की योजनाओं के बारे में विस्तार से प्रस्तुतीकरण दिया। साथ ही खान एवं भू-विज्ञान विभाग के निदेशक महावीर प्रसाद मीणा ने विभाग के प्रशासनिक प्रतिवेदन की जानकारी साझा की।

बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने खनन क्षेत्र में सुधारों (रिफॉर्म्स) की संभावनाओं पर मंथन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खनन सेक्टर में नई नीतिगत पहल और सुधारों की पहचान कर एक ठोस रोडमैप तैयार किया जाए, जिससे राजस्व अर्जन में और अधिक वृद्धि सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने अधिकारियों को नई संभावनाओं की तलाश करते हुए नवाचार अपनाने पर भी जोर दिया।

इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में विभाग ने 11 हजार 780 करोड़ रुपये के राजस्व अर्जन का लक्ष्य निर्धारित किया था, जिसके मुकाबले अब तक लगभग 10 हजार 500 करोड़ रुपये का अनुमानित राजस्व प्राप्त किया जा चुका है। विभाग की वार्षिक राजस्व वृद्धि दर करीब 12 प्रतिशत दर्ज की गई है। मुख्य सचिव ने कहा कि खनन विभाग का प्रमुख उद्देश्य अधिकतम राजस्व अर्जित करना है, इसके लिए कार्य प्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए राज्य के खनन क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस अवसर पर संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी सहित संस्थान के अधिकारी-कर्मचारी एवं जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Similar News