उदयपुर-पिण्डवाड़ा हाईवे पर कोहराम: आग का गोला बना तेज रफ्तार ट्रेलर, चालक ने कूदकर बचाई जान

Update: 2026-03-21 09:35 GMT

गोगुंदा (भीलवाड़ा हलचल)। उदयपुर-पिण्डवाड़ा हाईवे पर शनिवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक तेज रफ्तार ट्रेलर अचानक आग के गोले में तब्दील हो गया। हादसा गोगुंदा इलाके में भव्या पैलेस के ठीक सामने दोपहर करीब 1:30 बजे हुआ। गनीमत रही कि ट्रेलर चालक ने समय रहते सूझबूझ दिखाई और जलते वाहन से छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली।

अनियंत्रित होकर दूसरी तरफ जा घुसा जलता ट्रेलर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर गोगुंदा से उदयपुर की ओर तेज गति से जा रहा था। अचानक इंजन से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते भीषण आग ने पूरे केबिन को चपेट में ले लिया। जब आग बेकाबू हो गई, तो चालक ने मौत को सामने देख चलते ट्रेलर से नीचे छलांग लगा दी। बिना चालक के यह धड़कता हुआ ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर लांघते हुए सड़क की दूसरी तरफ जा पहुंचा। अचानक सामने से आ रहे जलते ट्रेलर को देख अन्य वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने वाहन छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।

मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की तत्परता से बड़गांव पुलिस और दमकल विभाग को सूचित किया गया। उदयपुर से पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब 1 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Tags:    

Similar News