तीन दिवसीय 'राइटेक्स-2026' का आगाज़, 90 से अधिक स्टॉल्स पर सजे देश भर के उत्पाद

By :  vijay
Update: 2026-03-20 16:00 GMT

उदयपुर। झीलों की नगरी उदयपुर में औद्योगिक विकास और तकनीक के नए संगम 'राजस्थान इंडस्ट्रियल ट्रेड एक्सपो-2026' (राइटेक्स) के द्वितीय संस्करण का शुक्रवार को शानदार शुभारंभ हुआ। प्रतिष्ठित औद्योगिक संगठन पीएचडी चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (PHDCCI) द्वारा आयोजित यह तीन दिवसीय एक्सपो बीएन कॉलेज ग्राउंड में 22 मार्च तक चलेगा।

सरकारी योजनाओं से जुड़कर उद्यमी बढ़ाएं अपना बाजार

शुभारंभ कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एमएसएमई मंत्रालय (भारत सरकार) के क्षेत्रीय महाप्रबंधक विकास चंद्र नायक थे। उन्होंने प्रदर्शनी में आए ग्रामीण उद्यमियों को प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना की बारीकियों से अवगत कराया। विशिष्ट अतिथि उद्योग विभाग के महाप्रबंधक शैलेन्द्र शर्मा और रीको के अतिरिक्त महाप्रबंधक अजय पंड्या ने उद्यमियों को बताया कि किस तरह सरकारी योजनाओं की मदद से वे अपने उत्पादों को बड़े अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचा सकते हैं।

पीएम विश्वकर्मा योजना का विशेष पवेलियन

पीएचडी चैंबर, उदयपुर संभाग के संयोजक मुकेश माधवानी ने बताया कि एमएसएमई के सहयोग से एक्सपो में एक विशेष पवेलियन लगाया गया है, जिसमें 50 से अधिक इकाइयां भाग ले रही हैं। पूरे एक्सपो में 90 से ज्यादा स्टॉल्स लगाई गई हैं, जहाँ राजस्थान के जयपुर, पाली, बीकानेर सहित देश के विभिन्न हिस्सों से आए व्यापारी अपने आधुनिक उत्पादों और तकनीकों का प्रदर्शन कर रहे हैं।

औद्योगिक विकास का मील का पत्थर

क्षेत्रीय निदेशक आर.के. गुप्ता ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि राइटेक्स का यह दूसरा चरण राजस्थान के औद्योगिक परिदृश्य में निवेश और नई तकनीक के द्वार खोलने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। यह आयोजन सभी के सामूहिक सहयोग का परिणाम है और स्थानीय व्यापार को नई ऊंचाइयां प्रदान करेगा।

Similar News