राजस्थान बजट 2026-27 उदयपुर के लिए खुले सौगातों के द्वार, आधारभूत ढांचे और पर्यटन को मिलेगी नई रफ्तार

Update: 2026-02-11 13:30 GMT


उदयपुर । मुख्यमंत्री   भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार प्रदेश के चहुमुखी विकास को लेकर संकल्पित है। प्रदेश की उपमुख्यमंत्री व वित्त मंत्री सुश्री दीया कुमारी ने बुधवार को विधानसभा में अपनी सरकार का तीसरा बजट प्रस्तुत किया। वर्ष 2026-27 के बजट में उदयपुर जिले के लिए कई महत्वपूर्ण और दूरगामी घोषणाएं की गई हैं। इसमें उदयपुर में यातायात सुधार, चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और औद्योगिक विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है।

उदयपुर से जुड़ी प्रमुख बजट घोषणाएं

यातायात और बुनियादी ढांचा

उदयपुर की लाइफलाइन मानी जाने वाली सड़कों और पुलों के लिए भारी बजट आवंटित किया गया है। प्रतापनगर-बलीचा 4-लेन सड़क पर आयड़ नदी पर स्थित मौजूदा 2-लेन पुल को 4-लेन में विस्तारित किया जाएगा। साथ ही, स्टेट हाईवे-32 की क्रॉसिंग पर एक अंडर ब्रिज का निर्माण होगा। इस पूरी परियोजना पर 41 करोड़ खर्च होंगे। इसके अलावा भुवाणा चौराहे से अंबेरी फ्लाईओवर तक सड़क सुदृढ़ीकरण के लिए 38.50 करोड़ की घोषणा की गई है। गोगुंदा क्षेत्र में बनास और साबरमती नदी पर सुगम आवागमन के लिए विभिन्न पुलियाओं का निर्माण 10 करोड़ की लागत से किया जाएगा। ग्रामीण एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में खेरवाड़ा में कानबई भोमटावर से झांझरी (गुजरात सीमा) तक 10 किमी सड़क के लिए 10 करोड़ और वल्लभनगर के डबोक में राष्ट्रीय राजमार्ग -48 से टांक तक सड़क के लिए 8 करोड़ रूपए का प्रावधान किया गया है।

बिजली लाइनों का आधुनिकीकरण

शहर के सौंदर्य और सुरक्षा के लिए हाई टेंशन लाइनों को भूमिगत करने हेतु 8.57 करोड़ का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा सायरा में सहायक अभियंता कार्यालय स्थापित होगा।

पर्यटन विकास और सौंदर्यीकरण

उदयपुर में बढ़ती ट्रैफिक समस्या को देखते हुए जयपुर और कोटा की तर्ज पर पीपीपी मोड पर स्मार्ट पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। फतहसागर झील की प्रसिद्ध रानी रोड के कायाकल्प के लिए डीपीआर तैयार करने की घोषणा हुई है। इसके अलावा वल्लभनगर के भींडर में देवेला तालाब और गंभीर सागर झील के संरक्षण व सौंदर्यीकरण के लिए 4 करोड़ रूपए का बजट प्रावधान किया गया है।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य

आरएनटी मेडिकल कॉलेज से जुड़े मुख्य अस्पताल में मरीजों के परिजनों के लिए अत्याधुनिक विश्राम गृह का निर्माण किया जाएगा। राज्य के 6 प्रमुख शहरों के लिए इस मद में कुल 500 करोड़ रूपए का सामूहिक प्रावधान है। इसके अलावा महाराणा भूपाल अस्पताल में मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर भी स्थापित होगा। वहीं रिजनल कैंसर उपचार केंद्र के लिए पीपीपी मोड पर उपकरण भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

यह भी हुई घोषणाएं

- सूक्ष्म और लघु उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए उदयपुर संभाग मुख्यालय पर प्लग एंड प्ले सुविधा स्थापित की जाएगी।

- उदयपुर शहर में जल भराव की पुरानी समस्या के समाधान के लिए मास्टर ड्रेनेज प्लान और बाढ़ सुरक्षा कार्यों को बजट में प्राथमिकता।

- मुख्यमंत्री जल जीवन मिशन (शहरी) के दायरे को बढ़ाते हुए उदयपुर के मास्टर प्लान में शामिल पेरी-अर्बन क्षेत्र के गांवों में पेयजल बुनियादी ढांचा विकसित किया जाएगा।

- केंद्रीय कारागृह उदयपुर के नवीन भवन का चरणबद्ध निर्माण

- राजस्थान राज्य अभिलेखागार उदयपुर के नवीन भवन का निर्माण

- डबोक-मावली-कपासन-चित्तौड़ रेल मार्ग पर आरओबी-आरयूबी के लिए डीपीआर

- उदयपुर में चिल्ड्रन होम की स्थापना

- आईटीआई में मैकेनिक इलेक्ट्रिक व्हिकल ट्रेड की शुरूआत। इत्यादि

Similar News