उदयपुर में बंधे शादी के बंधन में विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना: दो रीति-रिवाजों से संपन्न हुआ शाही विवाह

Update: 2026-02-26 17:37 GMT


उदयपुर। दक्षिण भारतीय सिनेमा के 'पावर कपल' रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा गुरुवार को लेकसिटी उदयपुर में परिणय सूत्र में बंध गए। 'पुष्पा' फेम रश्मिका और सुपरस्टार विजय की इस शादी ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। रश्मिका कर्नाटक के कोडवा परिवार से हैं, जबकि विजय तेलुगु हिंदू परिवार से ताल्लुक रखते हैं, जिसके चलते विवाह की रस्में दोनों संस्कृतियों के अनुसार निभाई गईं।

दिन में तेलुगु और शाम को कोडवा परंपरा से हुई रस्में



 


शादी समारोह में दोनों संस्कृतियों का अनूठा संगम देखने को मिला। सुबह के समय तेलुगु रीति-रिवाजों के साथ विवाह की शुरुआत हुई, वहीं शाम को कोडवा परंपरा के अनुसार रस्में पूरी की गईं। इससे पूर्व रश्मिका के माता-पिता ने विजय के परिवार को नारियल, पान के पत्ते और फल भेंट किए, जिसके जवाब में विजय की माता माधवी देवरकोंडा ने रश्मिका को अपनी खानदानी चूड़ियां पहनाकर बहू के रूप में स्वीकार किया।

सोशल मीडिया पर किया प्यार का इजहार

शादी के बाद दोनों सितारों ने इंस्टाग्राम पर दिल छू लेने वाली पोस्ट साझा की। रश्मिका ने अपनी फोटो के साथ लिखा— "Hi my loves, introducing to you now 'My Husband'" (मेरे प्यारों, मिलिए मेरे पति से)।

वहीं विजय देवरकोंडा ने एक भावुक नोट लिखते हुए अपनी पत्नी के प्रति प्रेम व्यक्त किया। विजय ने लिखा, "जैसे मुझे उसकी जरूरत थी—बस घर जैसा और शांति महसूस करने के लिए, चाहे मैं कहीं भी रहूं। अगर वह सामने बैठी होती तो मेरा खाना ज्यादा हेल्दी लगता और वर्कआउट ज्यादा मजेदार।"

उदयपुर के होटल मेंमेटोस एकाया में शादी की रस्मों के लिए गुलाब, आर्किड, ट्यूलिप फूलों से सजावट की गई। कच्चे केले और उसके बड़े पत्तों से मंडप को सजाया गया है। आज सुबह 8 बजे से ही रस्में होना शुरू हो गई थी। शादी के बाद दूल्हे के परिवार के लोग होटल के बाहर आए और मिठाई बांटकर गए।

बॉलीवुड फिल्मों में भी काम कर चुके दूल्हा-दुल्हन

रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा ने बॉलीवुड फिल्मों में भी काम किया है। रश्मिका रणवीर कपूर के अपोजिट फिल्म एनीमल में मेन लीड थी। वहीं विजय ने बॉलीवुड की 'लाइगर' नाम की फिल्म में काम किया है। दुल्हन रश्मिका को सोशल मीडिया पर 'नेशनल क्रश' भी कहा जाता है।

Similar News