आमली बारेठ में आज भागवत कथा की पूर्णाहुति, उमड़ेगा श्रद्धालुओं का महासंगम

Update: 2026-02-06 17:50 GMT

फूलियाकलां राजेश शर्मा। आमली बारेठ में भामाशाह गोपाललाल कुमावत परिवार द्वारा आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के छठे दिन पांडाल में उपस्थित श्रोताओं को श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण कराते हुए वेदव्यास पीठ से भगवताचार्य कृष्णानंद जी महाराज ने अपने मुखारविंद से कहा कि व्यक्ति को जीवन में सदा सत्य वचन बोलने चाहिए, सत्य कड़वा होता है परंतु सत्य सदा सत्य ही होता है। जीवन के अंतिम समय में सत्य ही साथ जाता है, झूठ ज्यादा देर तक टिक नहीं सकती। झूठे व्यक्तियों का समाज में सदैव अनादर ही होता है। कथा में अयोध्या प्रसंग के दौरान भगवान राम जन्म से लेकर माता जानकी के वनवास, राम हनुमान मिलन का संगीतमय वर्णन करते हुए कहां कि हनुमान और विभीषण नहीं बन सकते हो तो कम से कम रावण और दुशासन तो ना बनो। क्योंकि सब कुछ जानते हुए भी आगे चलकर अपने ही हाथों से अपने कुटुंब के सर्वनाश के कारण बन गए। भगवताचार्य कृष्णानंद जी महाराज ने बताया कि राम युग में भी सीता माता को अग्नि परीक्षा से गुजरना पड़ा इसलिए व्यक्ति के जीवन में सुख और दुख के रूप में कई पड़ाव आते हैं। सच्चे मन से प्रभु का नाम लेने पर दु:ख के बादल आने पर भी जीवन में सुख की छांव भी अवश्य आएगी।महाराज ने उपस्थित जन समुदाय से कहां की भगवान शिवजी के शिवलिंग पर जल अवश्य चढ़ाएं जिससे कि परिवार पर सदैव शिवजी की कृपा बनी रहे और जीवन में कोई संकट नहीं आए। कथा के दौरान महाराज  ने घर की सुख शांति और उन्नति के लिए बहु को बेटी का दर्जा दे और बेटी समझ कर उसके साथ अच्छा व्यवहार करें। कथा समाप्ति के उपरांत श्रीमद् भागवत कथा की महाआरती कर प्रसाद वितरित किया गया। वहीं शुक्रवार को चारभुजा मंदिर परिसर से गाजे-बाजे के साथ भगवान श्री चारभुजा नाथ की शोभायात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर गणेश मंदिर, शिव मंदिर होती हुई कथा स्थल पहुंची। मार्ग में जगह-जगह ग्राम वासियों ने ठाकुर जी के स्वागत में पलक पांवड़े बिछाते हुए पुष्प वर्षा कर भगवान श्री चारभुजा नाथ का स्वागत किया। भागवत कथा आयोजन परिवार ने बताया कि शनिवार को भागवत प्रसादी कार्यक्रम में आठ ग्राम पंचायतों के तीस गांवों के दस हजार से भी अधिक ग्रामीण एक साथ बैठकर भोजन प्रसादी लेंगे।

श्रीमद् भागवत कथा की पूर्णाहुति के अवसर पर आयोजित होने वाली प्रसादी में बालापुरा ग्राम पंचायत सहित आसपास की बासेड़ा, पिपलाज, कादेड़ा, खवास, भीमडावास, डोहरिया, रहड़ सहित हरिबोल प्रभात फेरी में आने वाले धर्म प्रेमी बंधु एक साथ बैठकर भागवत प्रसादी ग्रहण लेंगे।

Similar News