चेटीचंड पर्व पर सिंधी समाज की शोभायात्रा और वाहन रैली से गूंज उठा शाहपुरा
शाहपुरा (मूलचन्द पेसवानी)। शुक्रवार को शाहपुरा में चेटीचंड पर्व के पावन अवसर पर सिंधी समाज द्वारा पूज्य सिंधी पंचायत के तत्वावधान में भव्य शोभायात्रा एवं वाहन रैली का आयोजन किया गया। भगवान झूलेलाल के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में यह आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास से भरपूर रहा। जेको चवंदो झूलेलाल, तहजां थींदा बेड़ा पार... जैसे पारंपरिक सिंधी भजनों की गूंज और ष्आयो लाल झूलेलाल के जयकारों से पूरे शहर का वातावरण भक्तिमय हो गया।
सुबह दिलखुशाल बाग स्थित झूलेलाल मंदिर से वाहन रैली का शुभारंभ हुआ। रैली शहर के मुख्य मार्गों से होती हुई संत कंवर राम धर्मशाला पर आकर संपन्न हुई। इस दौरान समाज के युवा, महिलाएं और पुरुष झूलेलाल के जयकारों के साथ उत्साहपूर्वक रैली में भाग लेते नजर आए। झांकी में भगवान झूलेलाल की सुंदर प्रतिमा सजाई गई थी, जिसे देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। त्रिमूर्ति चौराहा पर विश्व हिन्दू परिषद की ओर से रामेश्वरलाल धाकड़ व एडवोकेट विनोद सनाठ्य तथा भाजपा के नगर कोषाध्यक्ष शांतिलाल मामोड़िया की अगुवाई में सनातनी लोगों ने पुष्पवर्षा कर वाहन रैली व समाज के लोगों का अभिनंदन किया।
रैली के त्रिमूर्ति चौराहे पर महिलाओं और पुरुषों ने पारंपरिक सिंधी नृत्य ‘छेज’ की शानदार प्रस्तुति दी। मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा और जलपान व अल्पाहार के माध्यम से रैली का स्वागत किया गया। रैली के आगे नवयुवक मंडल के सदस्य ढोल-नगाड़ों और बैंडबाजों के साथ डांडिया खेलते हुए चल रहे थे, जिससे माहौल और भी जीवंत हो गया। आज चेटीचंड के दौरान मंदिर को आकर्षक रोशनी से सजाया गया था।
इस आयोजन में सिंधी पंचायत अध्यक्ष लीलाराम वासवानी, पूर्व अध्यक्ष मोहन लखपतानी, सचिव नरेश लखपतानी, कोषाध्यक्ष अशोक थानवानी, गंगाराम आसवानी, चेतन चंचलानी, नवयुवक मंडल अध्यक्ष नरेश तोलानी, पूर्व सचिव मोहन केवलानी, पंकज पेसवानी, राजकुमार वासवानी, ओमप्रकाश थावानी, सुरेश वासवानी, गोविंद राम, चुन्नीराम आसवानी, मूलचंद पेसवानी, शंकर ठारवानी, अशोक आसवानी, सुरेश आसवानी, जितेंद्र मतलानी, परशुराम सामतानी, राजकुमार सामतानी, नारायण दास, अशोक महाराज सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।