“राम आएंगे तो अंगना सजाऊंगी” की गूंज से सराबोर हुआ शाहपुरा, भजनों पर झूमा जनसैलाब

By :  vijay
Update: 2026-03-20 13:10 GMT

शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी

नवसंवत्सर के पावन अवसर पर शाहपुरा का हायर सैकंडरी स्कूल मैदान भक्ति, उल्लास और श्रद्धा के अद्भुत संगम का साक्षी बना, जब प्रसिद्ध भजन गायिका स्वाति मिश्रा की सुरमयी प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को राममय कर दिया। हिंदू नववर्ष समाजोत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित भजन संध्या में हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़े और देर रात तक भक्ति रस में सराबोर होते रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ संत-महात्माओं एवं गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। जैसे ही रात करीब दस बजे स्वाति मिश्रा मंच पर पहुंचीं, पूरा पंडाल स्वतः ही गूंज उठा “राम आएंगे तो अंगना सजाऊंगी”

इस लोकप्रिय पंक्ति को सुनते ही श्रोता झूम उठे और माहौल भाव-विभोर हो गया।

स्वाति मिश्रा ने पहली बार शाहपुरा की धरती पर अपनी प्रस्तुति देते हुए विशेष उत्साह व्यक्त किया। उन्होंने खाटू श्याम के भजन से अपनी प्रस्तुति की शुरुआत की और जैसे ही स्वर उठे

“गजब मेरे खाटू वाले” व जब सारे जग से हारा प्रस्तुत किया तो पांडाल झूम उठा।

पूरा मैदान तालियों और जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालु अपने स्थान पर बैठे-बैठे ही झूमने लगे, मानो हर दिल में आस्था की लहर दौड़ पड़ी हो। इसके बाद उन्होंने एक के बाद एक कई लोकप्रिय भजन प्रस्तुत किए। जब उन्होंने मधुर स्वर में गाया मेरे भारत का बच्चा बच्चा जय श्री राम बोलेगा तो तो पूरा वातावरण भक्तिरस में डूब गया। हर कोई अपने आराध्य श्रीराम की भक्ति में लीन नजर आया।

कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि स्वाति मिश्रा के गाने शुरू होते ही श्रोता खुद ही उनके साथ गुनगुनाने लगते थे। मानो पूरा पंडाल एक स्वर में भक्ति का संगीत रच रहा हो। बीच-बीच में उन्होंने श्रोताओं से “जय श्रीराम” के जयकारे लगवाए, जिससे माहौल और अधिक ऊर्जावान हो उठा।

स्वाति मिश्रा के भजनों की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनका भजन“राम आएंगे तो अंगना सजाऊंगी पहले से ही सोशल मीडिया पर छाया हुआ है और यहां भी हर किसी की जुबान पर यही भजन था। जैसे ही यह भजन गूंजा, पूरा मैदान झूम उठा और भक्तों ने नृत्य के साथ अपनी भावनाओं को व्यक्त किया।

इस भव्य आयोजन में शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा एवं उदयपुर के महंत गुलाबदास महाराज की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। जैसे ही स्वाति मिश्रा मंच पर आईं, पंडाल “जय श्रीराम” के नारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था हर कोई भक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

कार्यक्रम के दौरान कई श्रद्धालुओं ने समूह में नृत्य प्रस्तुत कर भक्ति की अभिव्यक्ति दी। पूरा मैदान मानो एक विशाल भक्ति महाकुंभ में परिवर्तित हो गया, जहां हर कोई अपने आराध्य के प्रति प्रेम और समर्पण में डूबा था।

आयोजन समिति के अध्यक्ष द्वारका प्रसाद जोशी ने सभी अतिथियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। वहीं रामेश्वरलाल धाकड़ के नेतृत्व में विधायक डॉ. बैरवा का स्वागत सम्मानपूर्वक किया गया। कुल मिलाकर, नवसंवत्सर पर आयोजित यह भजन संध्या शाहपुरा के इतिहास में एक यादगार अध्याय बन गई। स्वाति मिश्रा के सुरों ने न केवल लोगों को झूमने पर मजबूर किया, बल्कि हर हृदय में भक्ति की एक नई ज्योति भी प्रज्वलित कर दी। “राम आएंगे तो अंगना सजाऊंगी” यह पंक्ति देर रात तक शाहपुरा की फिजाओं में गूंजती रही और हर किसी के दिल में रामभक्ति की अमिट छाप छोड़ गई।

Similar News