दो दिवसीय मिर्गी रोग निवारण शिविर का हुआ शुभारंभ
शाहपुरा (भैरू लाल लक्षकार)। शाहपुरा राज परिवार के पूर्व सदस्य स्वर्गीय शत्रुजीत सिंह की पावन स्मृति में आयोजित दो दिवसीय मिर्गी रोग निवारण कैंप का भव्य शुभारंभ आज प्रातः रेतिया बाग पैलेस में हुआ। शिविर का उद्घाटन अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), नई दिल्ली की प्रख्यात मनोचिकित्सक डॉ. ममता भूषण सिंह ने वैदिक ऋचाओं के बीच फीता काटकर किया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में आर्य समाज के अध्यक्ष गोपाल राजगुरु द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार किया गया, जिसमें सभी रोगियों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की गई। उल्लेखनीय है कि इस दो दिवसीय शिविर में सेवाएं दे रहीं डॉ. ममता भूषण सिंह भारत के सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा संस्थान एम्स, नई दिल्ली से जुड़ी हैं, जो NIRF 2025 रैंकिंग में लगातार शीर्ष पर है और दुनिया के बेहतरीन 6 अस्पतालों में शामिल है। शाहपुरा जैसे क्षेत्र में ऐसी विशेषज्ञ चिकित्सक की सेवाएं मिलना स्थानीय लोगों के लिए 'घर बैठे गंगा नहाने' के समान है।
शिविर का समय प्रातः 8 बजे से सायं 5 बजे तक निर्धारित किया गया है, जहां बड़ी संख्या में रोगी परामर्श ले रहे हैं। इस गरिमामय अवसर पर राज परिवार की सदस्य माया सिंह, तृषा सिंह सहित आर्य समाज प्रधान गोपाल राजगुरु, सुनील वैली, पंकज त्रिपाठी, कैलाश कोली, परीक्षित सिंह, जिनेंद्र जैन और प्रेम शारदा सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।