लीसा काइटली बनी मुंबई इंडियंस महिला टीम की मुख्य कोच

Update: 2025-09-25 12:45 GMT

मुंबई । मुंबई इंडियंस ने आज पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर और दो बार की विश्व कप विजेता लीसा काइटली को अपनी महिला टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया। 1997 और 2005 में ऑस्ट्रेलिया की विश्व कप विजेता टीमों का हिस्सा रहीं काइटली महिला क्रिकेट की सबसे सम्मानित कोचों में से एक हैं। अपने शानदार खेल करियर और ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और शीर्ष वैश्विक लीगों में कोचिंग के अनुभव के साथ, वह मुंबई इंडियंस टीम में बेजोड़ अनुभव और दूरदर्शिता लेकर आएंगी। मुंबई इंडियंस महिला टीम पहले से ही WPL के इतिहास की सबसे सफल टीम है, जिसने केवल तीन सीज़न में दो चैंपियनशिप जीती हैं। 2023 और 2025 में वह WPL विजेता रही है।

इस मौके पर खुशी जाहिर करते हुए नीता एम. अंबानी ने कहा, "हमें मुंबई इंडियंस परिवार में लीसा काइटली का स्वागत करते हुए बेहद खुशी हो रही है। लीसा ने अपने जुनून से क्रिकेट की कई पीढ़ियों को प्रेरित किया है। उनका आगमन मुंबई इंडियंस के लिए एक रोमांचक व नया अध्याय है क्योंकि हम और ऊँचा उड़ने के लिए तैयार हैं।

लीसा काइटली ने कहा, "मुंबई इंडियंस में शामिल होना सम्मान की बात है, एक ऐसी टीम जिसने WPL में कई मानक स्थापित किए हैं। मैं टीम के साथ काम करने के लिए उत्सुक हूँ ताकि हम अपनी सफलता को और आगे बढ़ा सकें और मैदान के अंदर और बाहर नई पीढ़ी को प्रेरणा देते रहें।"

काइटली, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड दोनों महिला टीमों की कोच रही हैं। वह इंग्लैंड की पूर्णकालिक मुख्य कोच बनने वाली पहली महिला थीं। उन्हें WBBL, द हंड्रेड और WPL में फ्रैंचाइज़ी कोचिंग का भी अनुभव है, और हाल ही में उन्होंने पिछले महीने द हंड्रेड में नॉर्दर्न सुपरचार्जर्स को महिला खिताब जितवाया था। काइटली को एक स्टाइलिश सलामी बल्लेबाज़ के तौर पर जाना जाता रहा है। काइटली ने 9 टेस्ट, 82 वनडे और 1 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व किया है।

Similar News

India suffered a crushing defeat in the fourth T20, New Zealand won the match by 50 runs.: भारत को चौथे टी20 में करारी हार, न्यूजीलैंड ने 50 रन से जीता मुकाबला

बांग्लादेश टी-20 वर्ल्ड कप से बाहर: भारत में खेलने से इनकार के बाद ICC ने स्कॉटलैंड को दी जगह