भयंकर बमबारी: खैबर पख्तूनख्वा में 30 लोग मरे, पाकिस्तान में हड़कंप

By :  vijay
Update: 2025-09-22 09:21 GMT

पाकिस्तान की वायुसेना पर अपने ही लोगों पर बमबारी के आरोप लगे हैं। सोमवार को कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि पाकिस्तानी वायुसेना ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के वजीरिस्तान स्थित तिराह घाटी में बिना कोई चेतावनी जारी किए ही बम गिरा दिए। इस हमले की चपेट में आकर 30 लोगों की जान चली गई।

बताया गया है कि यह बमबारी पाकिस्तानी वायुसेना के जेएफ-17 विमान के जरिए की गई। जो बम बरसाए गए, वह घातक किस्म के एलएस-6 बम थे। यह घटना रविवार देर रात करीब दो बजे की है। धमाके इतने तेज थे कि गांव के गांव तबाह हो गए। हमले में कई लोग घायल भी हुए हैं।


स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो पाकिस्तान की वायुसेना इन हमलों के जरिए आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) को निशाना बनाने की कोशिश कर रही थी। हालांकि, आतंकियों के बजाय हमले में अधिकतर नागरिकों की मौत हुई।

इससे पहले रविवार को खबर आई थी कि पाकिस्तानी सेना ने एक खुफिया अभियान में टीटीपी के सात आतंकियों को डेरा इस्माइल खान जिले में मार गिराया था। पाकिस्तानी सेना के मुताबिक, इनमें तीन अफगान नागरिक थे। उधर इससे पहले 13-14 सितंबर को भी पाकिस्तान ने 31 टीटीपी आतंकियों को मारने का दावा किया था।

Tags:    

Similar News