भरतपुर- सेवर के बीच हादसा: दो हिस्सों में बंटी हरिद्वार- कोटा नंदा देवी ट्रेन, यात्रियों में मचा हड़कंप

By :  vijay
Update: 2024-08-12 17:08 GMT

 हरिद्वार-कोटा नंदा देवी पूर्णत वातानुकूलित ट्रेन (12402) सोमवार को भरतपुर-सेवर के बीच दो हिस्सों में बंट गई। बाद में दोनों हिस्सों को जोड़कर ट्रेन आगे रवाना हुई। इस घटना के चलते मौके पर यह ट्रेन करीब पौन घंटा खड़ी रही। ट्रेन लेट होने से यात्री परेशान होते रहे।

यात्रियों ने बताया कि भरतपुर से यह ट्रेन अपने निर्धारित समय से करीब 20 मिनट देरी से सुबह सात बजे रवाना हुई थी। रवाना होने के कुछ देर बाद ही ट्रेन दो हिस्सों में बंट गई। ट्रेन के दो हिस्सों में बंटते ही प्रेशर लीकेज हो गया। इसके चलते कुछ दूर चलते ही यह ट्रेन खड़ी हो गई। घटना का पता चलते ही गार्ड-ड्राइवर, ट्रेन स्टाफ, स्टेशन कर्मचारी और यात्री मौके पर जमा हुए। बाद में आगे वाले हिस्से को वापस पीछे लेकर दूसरे हिस्से से जोड़ा गया। इसके बाद ट्रेन आगे रवाना हुई। कोटा में ये ट्रेन अपने निर्धारित समय सुबह 10.35 से करीब एक घंटा देरी से 11.35 बजे पहुंची।

अधिकारियों ने बताया फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चला है। मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सही कारणों का पता चल सकेगा।

शुरुआती कारणों में कपलर की खराबी को बताया जा रहा है। खराबी के चलते कपलर अचानक खुल गया। ट्रेन कोटा पहुंचने पर इस खराब कपलर वाले कोच को अलग कर दिया गया है। कपलर की मरम्मत के बाद इस कोच को दोबारा लगाया जाएगा।

कोटा मंडल में पिछले 14 दिन में दो हादसे सामने आए हैं। उल्लेखनीय है कि इससे पहले 30 जुलाई को गुड़ला स्टेशन पर एक मालगाड़ी के दो डिब्बे पटरी से उतर गए थे। इस मामले की जांच में डिब्बों की खराबी की बात सामने आई है।

Similar News