झुंझुनूं में गैंगवार:जमकर चली गोलिया. हिस्ट्रीशीटर समेत दो की मौत

Update: 2025-12-12 17:14 GMT


झुंझुनूं। नवलगढ़ के गोठड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब खिरोड़ गांव में गैंगवार के दौरान दो बदमाशों की मौत हो गई। घटना सुबह करीब 9 बजे हुई। फायरिंग और अफरातफरी के बाद ग्रामीणों ने मौके से दो बदमाशों को पकड़कर जमकर पीटा।

पुलिस के अनुसार मारे गए बदमाशों की पहचान हिस्ट्रीशीटर कृष्णकांत उर्फ रविकांत उर्फ गोलू स्वामी और सुनिल सुंडा के रूप में हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक सुबह रविंद्र कटेवा, जो गोठड़ा थाने का हिस्ट्रीशीटर है, कैमरी की ढाणी स्थित अपने घर पर मौजूद था। उसके साथ सुनिल सुंडा भी था। तभी एक स्विफ्ट कार वहां आकर रुकी जिसमें रानोली थाने का हिस्ट्रीशीटर कृष्णकांत गोलू स्वामी अपने तीन साथियों के साथ पहुंचा।

आते ही कृष्णकांत ने रविंद्र कटेवा पर फायरिंग कर दी। रविंद्र झुककर बच गया। इसके बाद हमलावर मौके से भागने लगे। सुनिल सुंडा ने भागती कार का स्टेयरिंग पकड़कर उन्हें रोकने की कोशिश की, मगर कृष्णकांत और उसके साथियों ने उस पर गोली चला दी जिससे वह घायल हो गया।

हड़बड़ी में हमलावर मुख्य रास्ते की बजाय कच्चे मार्ग की ओर निकल गए। कुछ दूरी पर रास्ता खत्म होने पर वे गाड़ी छोड़कर पैदल भागने लगे। करीब 3 किलोमीटर दूर तुर्काणी जोहड़ी के पास रविंद्र कटेवा और उसके साथियों ने कृष्णकांत को घेर लिया। वहां हुई फायरिंग में कृष्णकांत की मौत हो गई। एक अन्य बदमाश मौके पर ही मारा गया था।

घटना के बाद से रविंद्र कटेवा फरार है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।

Tags:    

Similar News