गहने बनाकर देने के नाम पर दो व्यापारियों का सोना व एडवांस राशि हड़पी, दो केस दर्ज

By :  prem kumar
Update: 2024-09-20 14:55 GMT

 भीलवाड़ा बीएचएन। शहर के दो सर्राफा व्यापारियों ने एक व्यक्ति पर गहने बनाने के नाम पर सोना व एडवांस राशि लेकर हड़पने का आरोप लगाते हुये भीमगंज थाने में केस दर्ज करवाये हैं।

एएसआई शंभुलाल के अनुसार, मंगला चौक निवासी व्यापारी सिराजुउल मॉडल ने माणिक्यनगर के पिंटू उर्फ बंटी पुत्र राधेश्याम सोनी के खिलाफ रिपोर्ट दी। इसमें बताया गया है कि आरोपित पिंटू सोने के गहने बनाने का काम करता है। इसके चलते परिवादी की उससे जान-पहचान थी। बंटी ने परिवादी को विश्वास में लेकर गहने बनाकर देने का विश्वास दिलाया। परिवादी ने विश्वास कर उसे पिछले साल 51 ग्राम 568 मिली ग्राम सोना और एडवांस राशि 11 हजार रुपये दे दिये। पिंटू ने दीपावली से 15 दिन पहले गहने देने का भरोसा दिलाया, लेकिन तय समय पर उसने गहने नहीं दिये और वह टालमटोल करने लगा। इसी तरह की एक अन्य रिपोर्ट श्याम विहार, ज्योतिनगर निवासी सुभाष पुत्र सुधीर प्रमाणिक ने भी पिंटू उर्फ बंटी के खिलाफ दर्ज करवाई। सुभाष से भी बंटी ने 640 ग्राम 300 मिलीग्राम सोना और दस हजार रुपये एडवांस ले लिये और उसे भी न तो गहने बनाकर दिये और न ही उससे लिया गया सोना और एडवांस राशि लौटाई। पुलिस ने दोनों परिवादियों की रिपोर्ट पर केस दर्ज कर लिये। पुलिस अब व्यापारियों द्वारा पिंटू उर्फ बंटी पर लगाये आरोपों की जांच कर रही है। 

Similar News