भीलवाड़ा। शहर के निकटवर्ती पांसल ग्राम में एक होटल संचालक व उसके दोस्त को चाकू मारने के आरोप में दो आरोपितों को पुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपितो से चाकू की बरामदगी के पुलिस प्रयास कर रही है।
पुर थाने के सहायक उप निरीक्षक कैलाशचंद्र मीणा ने बताया कि भीलवाड़ा बाईपास पर पांसल गांव स्थित राजपूताना ग्रीन्स नामक होटल पर 15 जुलाई की रात लेबर कॉलोनी निवासी कुणाल सिंह पुत्र महेंद्र सिंह सोलंकी व कमलेश पुत्र ओमप्रकाश बैरवा अपने एक साथी के साथ खाना खाने पहुंचे। होटल पर खाने का पेमेंट करने के बाद काउंटर पर आपस में बातचीत कर रहे संचालक रतन सिंह और उसके साथी भोम सिंह से आरोपितो ने गाली गलौज करते हुए झगड़ा किया। आरोपित कुणाल सिंह व कमलेश ने होटल संचालक रतन सिंह और उसके साथी भोम सिंह पर चाकू से हमला कर दिया। जिससे ये दोनों घायल हो गए थे ।हमले के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इस घटना को लेकर केस दर्ज किया। मामले की जांच के बाद आज पुलिस ने चाकूबाजी के आरोप में कुणाल सिंह व कमलेश बैरवा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब दोनों आरोपितों से हमले में काम लिया गया चाकू बरामद करने के लिए पूछताछ कर रही है।