रणनीति और उपराष्ट्रपति चुनाव पर मंथन!,सांसदों संग पीएम मोदी की महत्वपूर्ण बैठक

Update: 2025-08-04 22:27 GMT


-- पीएम मोदी करेंगे एनडीए संसदीय दल की बैठक को संबोधित

_सत्र के गतिरोध के बीच सियासी मायने

नई दिल्ली।

संसद के मानसून सत्र में लगातार जारी विपक्ष के हंगामे और दोनों सदनों की कार्यवाही में उत्पन्न गतिरोध के बीच मंगलवार, 5 अगस्त को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) संसदीय दल की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधन देंगे।

यह बैठक सुबह 9:30 बजे संसद भवन परिसर स्थित जीएमसी बालयोगी ऑडिटोरियम में होगी। खास बात यह है कि यह बैठक एक ऐसी तारीख को हो रही है, जो भारतीय जनता पार्टी के लिए राजनीतिक रूप से अत्यंत अहम मानी जाती है।

5 अगस्त 2019 को केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाया था, और ठीक एक वर्ष बाद 2020 में इसी दिन प्रधानमंत्री मोदी ने अयोध्या में राम मंदिर के भूमि पूजन का नेतृत्व किया था।

हालांकि बैठक के एजेंडे को लेकर आधिकारिक रूप से कोई जानकारी साझा नहीं की गई है, लेकिन इसे केवल संसदीय रणनीति तक सीमित नहीं माना जा रहा है। यह बैठक उपराष्ट्रपति चुनाव से पहले बुलाई गई है और इसमें भविष्य की राजनीतिक दिशा को लेकर भी संकेत दिए जा सकते हैं।

एनडीए की यह बैठक लगभग एक वर्ष बाद हो रही है। पिछली बैठक जुलाई 2024 में हुई थी, जब मोदी ने तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद सांसदों को संबोधित किया था।

संसद की कार्यवाही लगातार बाधित हो रही है और ऐसे में इस बैठक को संगठनात्मक एकजुटता और रणनीतिक पुनर्गठन के रूप में भी देखा जा रहा है।


Similar News