झुग्गी बस्ती में भीषण आग लगने से एक की मौत

Update: 2025-11-08 09:56 GMT

 नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के रिठाला मेट्रो स्टेशन के पास शुक्रवार देर रात बंगाली बस्ती की झुग्गियों में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में दर्जनों झुग्गियां उसकी चपेट में आ गईं। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल बच्चे को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दमकल विभाग ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही 29 फायर टेंडर मौके पर रवाना किए गए। घंटों की मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर काबू पा लिया गया। अधिकारियों ने इसे मध्यम श्रेणी की आग बताया है।

दमकल कर्मियों ने रातभर किया रेस्क्यू ऑपरेशन

दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) के अनुसार, आग को पूरी तरह बुझाने और इलाके को ठंडा करने का अभियान रातभर जारी रहा। मौके से एक शव बरामद किया गया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। घायल बच्चे की हालत स्थिर बताई जा रही है। विभाग के अधिकारी एस.के. दुआ ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच जारी है और प्रारंभिक जांच में बिजली के शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।

इलाके में दहशत, कई परिवार हुए बेघर

आग की भयावहता इतनी थी कि झुग्गियों में रह रहे लोगों को जान बचाने के लिए अपने घरों से बाहर भागना पड़ा। कई परिवारों का सामान जलकर खाक हो गया। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया, लेकिन कई झुग्गियां पूरी तरह जलकर राख हो गईं। स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात आग लगने के कारण अधिकांश लोग सो रहे थे, जिससे बचाव कार्य में दिक्कत आई।

प्रशासन ने मुआवजे की प्रक्रिया शुरू की

स्थानीय प्रशासन ने मौके का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों को अस्थायी राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दिल्ली पुलिस और अग्निशमन विभाग आग के वास्तविक कारणों की जांच कर रहे हैं।

रात के सन्नाटे में मचा हड़कंप

घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। मेट्रो स्टेशन और दिल्ली जल बोर्ड परिसर के आसपास घना धुआं फैल गया। कई किलोमीटर दूर तक आग की लपटें दिखाई दीं। फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं, लेकिन आग से हुए नुकसान का पूरा आंकलन अभी बाकी है।

Similar News

कंटेनर ने मारी टक्कर, पुलिस जीप पलटी: एएसआई व तीन कांस्टेबल घायल, मंत्री की गाड़ी की कर रहे थे एस्कॉर्ट

तीन साल के मासूम की सडक़ पर टूटी सांसें: ,ट्रैक्टर की टक्कर से बालक की मौत, मां बाल बाल बची, मामा घायल