पुलिस की बड़ी कामयाबी,कुख्यात दो शातिर अपराधी ‘दरिंदा’ और ‘चूहा’ गिरफ्तार

Update: 2026-02-09 12:31 GMT

 नई दिल्ली। लंबे समय से दिल्ली पुलिस और आम जनता के लिए सिरदर्द बने दो कुख्यात अपराधी आखिरकार गिरफ्त में आ गए हैं। ‘दरिंदा’ नाम से पहचाने जाने वाले संजय शर्मा और ‘चूहा’ के नाम से कुख्यात लोकेश श्रीवास्तव को अलग अलग अभियानों में दबोचा गया है। दोनों ही आदतन अपराधी हैं और अब तक लाखों करोड़ों रुपये की चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों पर मिलाकर 100 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं।

टैटू और आगजनी से पहचान बनाने वाला दरिंदा

दिल्ली पुलिस के अनुसार 35 वर्षीय संजय शर्मा उर्फ दरिंदा सरकारी फ्लैटों और रिहायशी इलाकों में डकैती के बाद सबूत मिटाने के लिए आग लगाने के तौर तरीकों के लिए बदनाम रहा है। उसके शरीर पर बने ‘दरिंदा’, ‘महाकाल’ और ‘खतरा’ जैसे टैटू उसकी पहचान बन चुके हैं। सितंबर 2025 में जेल से जमानत पर छूटने के बाद उसने महज चार महीनों में आरके पुरम इलाके में दर्जनभर से अधिक वारदातों को अंजाम दिया था। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, डकैती और चोरी जैसे 100 से ज्यादा केस दर्ज हैं।

दीवार तोड़कर 30 किलो सोना उड़ाने वाला चूहा

32 वर्षीय लोकेश श्रीवास्तव उर्फ चूहा को दिल्ली के सबसे शातिर ‘लोन वुल्फ’ चोरों में गिना जाता है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वह अकेले ही बड़ी चोरियों को अंजाम देता था। उस पर कई राज्यों में करीब 50 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह उस वक्त चर्चा में आया था जब उस पर एक ज्वेलरी शोरूम की दीवार तोड़कर करीब 30 किलो सोना चुराने का आरोप लगा। इस चोरी की कीमत लगभग 25 करोड़ रुपये आंकी गई थी।

जेल से निकलते ही फिर शुरू किया अपराध

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि लोकेश को बिलासपुर जेल से 29 जनवरी को रिहा किया गया था और उसने 48 घंटे के भीतर ही तीन दुकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे दिया। वहीं संजय शर्मा भी जेल से बाहर आते ही दोबारा सक्रिय हो गया था। दोनों के खिलाफ लगातार शिकायतें मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने विशेष टीमें बनाकर अलग अलग ऑपरेशन चलाए और आखिरकार दोनों को दबोच लिया।

पुलिस कर रही है नेटवर्क की जांच

दिल्ली पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इन दोनों के साथ और कौन कौन से अपराधी जुड़े हुए थे और क्या इनके किसी संगठित गिरोह का नेटवर्क दूसरे राज्यों तक फैला हुआ है। पूछताछ में कई और वारदातों के खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है।

Similar News