तीन साल के मासूम की सडक़ पर टूटी सांसें: ,ट्रैक्टर की टक्कर से बालक की मौत, मां बाल बाल बची, मामा घायल

Update: 2026-02-09 18:21 GMT

भीलवाड़ा बीएचएन। जिले के बनेड़ा थाना क्षेत्र में दर्दनाक सडक़ हादसे ने एक खुशहाल परिवार को पल भर में उजाड़ दिया। सामाजिक कार्यक्रम से लौट रहे तीन लोगों को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। इस दिल दहला देने वाली दुर्घटना में तीन साल के मासूम आनंद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका मामा घायल हो गया। बालक की मां छाया बाल बाल बच गई लेकिन अपनी आंखों के सामने बेटे की मौत देखकर बेसुध हो गई।

कार्यक्रम से लौटते समय हुआ कहर

बनेड़ा थाने के एएसआई पांचूलाल ने बताया कि शाहपुरा थाना क्षेत्र के करमड़ास गांव निवासी छाया पत्नी नीलेश ओझा अपने तीन वर्षीय बेटे आनंद और भाई सुनील पांडेय निवासी कासीरामजी का खेड़ा के साथ भारलियास में आयोजित सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होकर बाइक से घर लौट रही थी। जैसे ही तीनों डाबला और भटेड़ा गांवों के बीच पहुंचे तभी पीछे से आए ट्रैक्टर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

मौके पर ही हो गई मासूम की मौत

हादसा इतना भयानक था कि मासूम आनंद ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि छाया को कोई गंभीर चोट नहीं आई। हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई और ग्रामीण दौड़ पड़े। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात संभाले।

अस्पताल में पसरा मातम

पुलिस ने मासूम के शव को बनेड़ा अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया। घायल सुनील को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। पोस्टमार्टम के बाद बच्चे का शव परिजनों को सौंप दिया गया। अस्पताल परिसर में परिजनों का रो रोकर बुरा हाल रहा और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।

ट्रैक्टर चालक पर केस दर्ज

पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि लापरवाही सामने आने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Similar News

कंटेनर ने मारी टक्कर, पुलिस जीप पलटी: एएसआई व तीन कांस्टेबल घायल, मंत्री की गाड़ी की कर रहे थे एस्कॉर्ट