फिल्मी अंदाज की करोड़ों की चोरी,: डायमंड शोरूम की दीवार तोड़कर उड़ा ले गए बड़े गहने, पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज
सहारनपुर। दिल्ली रोड स्थित एक नामी डायमंड शोरूम में चोरों ने बेहद शातिर तरीके से सेंध लगाकर करोड़ों रुपये के गहने उड़ा लिए। छत का गेट काटकर नीचे उतरने, दीवार में छोटी सी सेंध लगाने और फिर बड़े नेकलेस व महंगे आभूषण समेटकर फरार होने की इस वारदात ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी है। अभी तक चोरी गए माल की आधिकारिक कीमत सामने नहीं आई है, लेकिन आशंका है कि नुकसान करोड़ों रुपये में है।
घटना का खुलासा सुबह उस वक्त हुआ जब शोरूम का स्टाफ दुकान खोलने पहुंचा। अंदर दाखिल होते ही कर्मचारियों के होश उड़ गए। डायमंड और सोने के अधिकांश बड़े गहने गायब थे, जबकि छोटे आभूषण ज्यों के त्यों पड़े थे। इससे साफ है कि चोर पूरी तैयारी के साथ आए थे और उन्होंने कीमती सामान को ही निशाना बनाया।
लोहे का गेट काटा, दीवार में सेंध लगाकर घुसे
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोर छत पर बने गेट को काटकर सीढ़ियों से नीचे उतरे। इसके बाद उन्होंने दीवार में सेंध लगाई और सीधे शोरूम के भीतर दाखिल हो गए। वारदात को अंजाम देने के लिए उनके पास ग्राइंडर मशीन थी। बताया जा रहा है कि उन्होंने ऊपर से गुजर रही केबल भी काटी, फिर गेट को तोड़ा और दीवार काटकर अंदर घुस गए।
सूचना मिलते ही डीआईजी अभिषेक सिंह और एसएसपी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी पूरे इलाके की बारीकी से जांच की, हालांकि अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग पाया है। पुलिस की कई टीमें सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं और आसपास के इलाकों में संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है।
लापरवाही पर पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई
डीआईजी अभिषेक सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया संबंधित पुलिस चौकी स्टाफ और रात्रि गश्त में तैनात पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आई है। इसी कारण एसएसपी को उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए लिखा गया है। शोरूम के एक तरफ होटल और दूसरी ओर टू व्हीलर शोरूम होने के कारण पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि चोर किस दिशा से आए और किस रास्ते फरार हुए।
फिलहाल पुलिस की तीन से अधिक टीमें इस हाई प्रोफाइल चोरी की परतें खोलने में जुटी हैं। शहरभर में अलर्ट जारी कर दिया गया है और अंतरराज्यीय गिरोह की आशंका के चलते अन्य जिलों की पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है। इस सनसनीखेज वारदात ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
