भीलवाड़ा बीएचएन। जिले के गंगापुर थाना क्षेत्र में अनमोल पेट्रोलियम पेट्रोल पंप पर 20 जनवरी को एक कर्मचारी के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
गंगापुर थाने के सब इंस्पेक्टर अर्जुन लाल गुर्जर ने बताया कि पीडि़त कर्मचारी कैलाश चंद्र ने तीन नामजद आरोपियों किशन, रिद्धकरण और भूपेंद्र सिंह के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया कि किशन और रिद्धकरण बाइक में 100 रुपये का पेट्रोल भरवाने आए थे। पैसे मांगने पर उन्होंने ऑनलाइन पेमेंट न होने का बहाना बनाया और खुद को भूपेंद्र सिंह का आदमी बताकर कर्मचारी के साथ दुव्र्यवहार किया। जब कर्मचारी ने पैसे मांगे तो आरोपियों ने उसे धमकाया और भूपेंद्र सिंह को मौके पर बुला लिया।
भूपेंद्र सिंह अपनी कार से आया और उसने भी 3,350 रुपये का पेट्रोल भरवाया। इसके बाद तीनों आरोपियों ने मिलकर कर्मचारी कैलाश चंद्र के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। जब पीडि़त ऑफिस में छिपने गया, तो आरोपी वहां भी घुस गए और उसे जान से मारने की धमकी दी। पेट्रोल पंप के अन्य कर्मचारियों खेत सिंह और पृथ्वीराज ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया। पुलिस ने इस शिकायत पर केस दर्ज कर जांच की। जांच के बाद इस मामले में शुक्रवार को टपरियाखेड़ी निवासी भूपेंद्र सिंह पुत्र अर्जुन सिंह, सांगास निवासी किशन पुत्र सोहन गाडरी व रिद्धकरण पुत्र प्रहलादसिंह चारण को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों से पुलिस पूछताछ कर रही है।