चांदी के कड़ों के लिए बुजुर्ग महिला की गला रेतकर हत्या, पैर काटकर लूट ले गए गहने
सवाई माधोपुर/बौंली। जिले के बौंली थाना क्षेत्र के कोड्याई गांव में मंगलवार शाम मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहाँ चांदी के कड़ों की खातिर बदमाशों ने 65 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला की बेरहमी से हत्या कर दी। लुटेरों ने न केवल महिला का गला रेता, बल्कि उनके दोनों पैर काटकर शरीर से अलग कर दिए ताकि पैरों में पहने चांदी के कड़े निकाले जा सकें।
बकरियां चराने गई थी महिला एसएचओ जितेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि मृतका कमला देवी (65) पत्नी रामनिवास मीणा शाम करीब 5:30 बजे जंगल में बकरियां चराने गई थी। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। बदमाशों ने गला काटकर हत्या करने के बाद महिला के पैरों के पंजे काटकर अलग कर दिए और ढाई किलो वजनी चांदी के कड़े लूट लिए।
5 तोला सोना और चांदी लूटकर फरार मृतका के पोते विकास ने बताया कि लुटेरे ढाई किलो चांदी के कड़े, 25 ग्राम की चांदी की चेन, सोने का जंतर, सोने के कुंडल और नथ सहित करीब पांच तोला सोने के गहने लूटकर ले गए हैं। घटना की जानकारी तब मिली जब जंगल से गुजर रहे ग्रामीणों ने महिला के क्षत-विक्षत शव को देखा।
ग्रामीणों ने लगाया जाम, पुलिस तैनात इस नृशंस हत्याकांड से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। घटना के विरोध में गुस्साए ग्रामीणों ने कोड्याई गांव की मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही बौंली थाना पुलिस भारी जाब्ते के साथ मौके पर पहुँची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें: समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455) विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129 संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.
