मिलावटी दूध की फैक्ट्री का भंडाफोड़: कास्टिक सोडा और ऑयल से बन रहा था 'सफेद जहर', 5 गिरफ्तार

Update: 2026-02-03 16:47 GMT


टोंक/डिग्गी। टोंक पुलिस की जिला स्पेशल टीम (DST) ने मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ी स्ट्राइक करते हुए डिग्गी कस्बे में चल रही एक अवैध दूध फैक्ट्री को पकड़ा है। यहाँ से रोजाना अजमेर, टोंक और जयपुर में करीब 80 हजार लीटर मिलावटी दूध सप्लाई किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में केमिकल और वाहन जब्त किए हैं।

आम जनता की नसों में घोला जा रहा था जहर DST प्रभारी ओम प्रकाश ने बताया कि सोमवार देर रात डिग्गी थाना क्षेत्र के बागर की ढाणी देशमा रोड पर स्थित फैक्ट्री पर छापेमारी की गई। मौके से 5500 लीटर मिलावटी दूध, 5 पिकअप और एक टैंकर जब्त किया गया है। मिलावटी दूध बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाला 2100 लीटर सोयाबीन ऑयल, 500 लीटर वनस्पति घी, 550 किलो दूध का चूर्ण, 2500 किलो लैक्टोज मोनोहाइड्रेट और 105 किलो घातक कास्टिक सोडा भी बरामद किया गया है।

ऐसे तैयार होता था 'नकली दूध' पूछताछ में सामने आया कि पानी में स्किम्ड मिल्क पाउडर और लैक्टोज मिलाकर उसे दूध का रंग दिया जाता था। दूध को लंबे समय तक खराब होने से बचाने के लिए उसमें साबुन में इस्तेमाल होने वाला कास्टिक सोडा मिलाया जाता था। वहीं, फैट बढ़ाने के लिए वनस्पति घी और सोयाबीन ऑयल का उपयोग किया जा रहा था।

अजमेर के 4 आरोपी गिरफ्तार, मुख्य सरगना फरार पुलिस ने मौके से राजू, कालू, महिपाल, शिवराज और ओम प्रकाश को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में से कालू को छोड़कर शेष चारों अजमेर जिले के निवासी हैं। फैक्ट्री का मुख्य संचालक बहरोड़ निवासी सोनू यादव फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी मदन लाल गुर्जर ने दूध के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे हैं। पुलिस अब जयपुर, टोंक और अजमेर में फैले इस नेटवर्क को खंगाल रही है।

भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें: समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455) विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129 संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.

Similar News