सोने चांदी के दाम बढ़ते ही बढऩे लगीं लूट की वारदातें-: दिनदहाड़े बुजुर्ग महिला से गहने लूट भागे बाइकर्स
भीलवाड़ा बीएचएन। सोने और चांदी के भावों में बढ़ोतरी के साथ ही अब जिले में लूटपाट की घटनाएं भी तेजी से सामने आने लगी हैं।ताजा घटना, शनिवार को करेड़ा थाने के सडक़ का बाडिय़ा से सेमला का बाडिय़ा हाइवे पर हुई, जहां रास्ता पूछने के बहाने दो बदमाशों ने एक महिला के सोने के जेवरात लूट लिये। वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। बता दें कि बीते 24 घंटे में इस तरह की यह दूसरी वारदात है।
करेड़ा पुलिस के अनुसार, करेड़ा थाने के सडक़ का बाडिय़ा निवासी 57 वर्षीया टम्मू देवी पत्नी विरद सिंह रावत शनिवार को घर से सेमला का बाडिय़ा हाइवे की ओर जा रही थी। इस दौरान पीछे से एक बाइक से 2 युवक आये, जो टम्मू के पास रुके। दोनों ने रास्ता पूछने के बहाने उसे रोका और गले से मांदलिया काट लिया, कानों के टॉप्स और नाक की लोंग छीनकर फरार हो गए। महिला को चोटें भी आईं, जिसे अस्पताल में उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
बता दें कि इससे पहले बीगोद थाना इलाके में शुक्रवार दोपहर तीन बदमाशों ने इस तरह की वारदात को अंजाम देकर महिला के गहने लूट लिये थे। ग्रामीण इलाकों में लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से लोगों में डर का माहौल है। खासकर अकेली महिलाओं और बुजुर्गों को निशाना बनाए जाने की बात सामने आ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं और गश्त को और सख्त करने की जरूरत है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संदिग्धों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं । लोगों से अपील की गई है कि अकेले आते-जाते समय सतर्क रहें और किसी अनजान व्यक्ति के रोकने पर तुरंत मदद के लिए आसपास के लोगों को सूचना दें।