सरकारी गाड़ी पलटने से कोटड़ी उपखंड अधिकारी घायल, टायर फटने से हुआ हादसा

Update: 2026-02-10 12:28 GMT

 भीलवाड़ा अंकुर सनाढ्य । कोटड़ी उपखंड अधिकारी तानिया रिणवा सोमवार को सडक़ हादसे में घायल हो गईं। यह दुर्घटना सवाईपुर बड़लियास रोड पर जीवा का खेड़ा और चांदगढ़ गांव के बीच उस समय हुई जब उनकी सरकारी गाड़ी टीयूवी अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन का टायर फटने से चालक संतुलन नहीं बना पाया और कार सडक़ किनारे जाकर पलट गई।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल एसडीएम व चालक रतनलाल मीणा  को बाहर निकालने में मदद की। उपखंड अधिकारी को तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भीलवाड़ा भिजवाया गया। उन्हें निजी अस्पताल में एडमिट करवाया गया है।  बताया जा रहा है कि उन्हें चोटें आई है।

सूचना मिलने पर बड़लियास थाना प्रभारी के साथ ही सहायक उप निरीक्षक  जीएल मीणा मौके पर पहुंचे और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने वाहन को सडक़ से हटवाया तथा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर टीयूवी गाड़ी का खलासी साइड का पिछला टायर फटना ही दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है, लेकिन तकनीकी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। 

Similar News

कांस्टेबल की वर्दी दागदार,: तीन हजार की रिश्वत लेते एसीबी के हत्थे चढ़ा