स्कूल में दवा के बाद बिगड़ी सौ से ज्यादा बच्चों की हालत, गांव में मचा हड़कंप, एंबुलेंसों की दौड़

Update: 2026-02-10 14:20 GMT

 फर्रुखाबाद UP. जिले के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के गांव राठौर मोहिद्दीनपुर स्थित एक स्कूल में मंगलवार दोपहर उस समय अफरा तफरी मच गई, जब दवा खिलाए जाने के कुछ ही देर बाद सौ से अधिक बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। बच्चों को उल्टी, दस्त और तेज पेट दर्द की शिकायत होने लगी। कुछ ही मिनटों में पूरा स्कूल परिसर चीख पुकार और घबराहट से भर गया, जबकि गांव में भी भय और तनाव का माहौल बन गया।

दोपहर बाद एक के बाद एक बच्चों की हालत बिगड़ती देख शिक्षकों के हाथ पांव फूल गए। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन स्कूल पहुंचे। अपने बच्चों को तड़पता देख माता पिता गुस्से और चिंता से भरे नजर आए। अभिभावकों ने शिक्षकों से तीखे सवाल किए कि बच्चों को कौन सी दवा दी गई और किसके आदेश पर खिलाई गई। कई परिजन बच्चों को गोद में उठाकर स्कूल परिसर में इधर उधर दौड़ते दिखाई दिए।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन हरकत में आया। दोपहर करीब ढाई बजे जिले की उपलब्ध एंबुलेंसों को मौके पर भेजने के निर्देश दिए गए। बीमार बच्चों को प्राथमिक उपचार के लिए कमालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जबकि कई घबराए परिजन अपने बच्चों को निजी अस्पतालों में भर्ती कराने के लिए खुद लेकर रवाना हो गए। अस्पतालों में इलाज के दौरान भी अफरा तफरी का माहौल बना रहा और डॉक्टरों की टीमें लगातार बच्चों की स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही शिक्षा विभाग और स्थानीय पुलिस को भी सूचना दी गई। प्रशासनिक अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग की टीमें स्कूल तथा अस्पतालों की ओर रवाना हो गई हैं। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बच्चों को दी गई दवा किस योजना के तहत थी, उसकी गुणवत्ता कैसी थी और क्या वितरण के दौरान किसी स्तर पर गंभीर लापरवाही हुई। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Similar News

कांस्टेबल की वर्दी दागदार,: तीन हजार की रिश्वत लेते एसीबी के हत्थे चढ़ा