नकबजनी का मामला-अब शाहरुख मोहम्मद चढ़ा पुलिस के हत्थे, दो पहले पकड़े जा चुके, एक को किया था निरुद्ध
भीलवाड़ा। सुभाषनगर थाना पुलिस नकबजनी के मामले में कड़ी से कड़ी जोडक़र आगे बढ़ रही है। इसी के तहत पुलिस ने एक और आरोपित शाहरुख मोहम्मद सोरगर को गिरफ्तार किया है। इस पर चोरी की संपत्ति को बैचने के लिए के अपने कब्जे में रखने का आरोप है। बता दें कि मामले में एक नाबालिग को पहले निरुद्ध, जबकि दो आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
जांच अधिकारी एएसआई पृथ्वीराज के अनुसार 20 जनवरी को सदर बाजार रूपाहेली हाल विजय सिंह पथिक नगर निवासी विनोद कुमार पुत्र रामप्रसाद अजमेरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उनके पुराने मकान ई-269 विजय सिंह पथिक नगर, गली नंबर 07, शिवाजी मार्ग से चोर नकद राशि तथा सोने-चांदी के सिक्के व गहने चोरी कर ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच की और संदिग्धों की पहचान कर करीब 14 वर्षीय एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया, जिसने पूछताछ में ऑनलाइन गेमिंग की लत के चलते चोरी करना स्वीकार किया। नाबालिग ने बताया कि चोरी की नकदी को उसने ऑनलाइन गेमिंग व दोस्तों पर खर्च किया।
जांच में सामने आया कि इसका साथी समीर हुसैन सोरगर उर्फ दिलशाद उर्फ मोगा उर्फ गांट्या उससे दोस्ती कर चोरी की वारदात में शामिल हो गया। दोनों ने मिलकर नकद राशि व गहनों की चोरी की। चोरी का कुछ माल कान्हा सोनी को बेचा गया। पुलिस ने समीर को नकबजनी व कान्हा को चोरी का माल खरीदने के आरोप में गिरफ्तार कर पूछताछ की। साथ ही एक मंगलसूत्र, कान की दो बालियां, लॉकेट और पेंडल बरामद कर लिये। आरोपित समीर ने चोरी के कुछ गहने बैचने के लिए वार्ड नंबर तीन, सोरगर मोहल्ला, पुर निवासी शाहरुख मोहम्मद 22 पुत्र फारुख मोहम्मद को देना कबूल किया। इस खुलासे के बाद पुलिस ने आरोपित शाहरुख मोहम्मद को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर बरामदगी के प्रयास कर रही है।