आईएएस आशीष मोदी और भारती दीक्षित का आपसी सहमति से तलाक, हाईकोर्ट ने FIR भी की रद्द
जयपुर। आईएएस अधिकारी आशीष मोदी और आईएएस भारती दीक्षित का आपसी सहमति से तलाक हो गया है। दोनों ने फैमिली कोर्ट में संयुक्त रूप से तलाक की अर्जी दाखिल की थी, जिस पर सुनवाई के बाद कोर्ट ने 15 दिसंबर 2025 को तलाक की डिक्री जारी कर दी थी।
इस मामले का खुलासा मंगलवार को हाईकोर्ट के आदेश से हुआ। आशीष मोदी ने भारती दीक्षित की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर को आपसी समझौते के आधार पर रद्द कराने के लिए हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। याचिका में कहा गया था कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो चुका है और आपसी सहमति से तलाक भी हो गया है।
मामले की सुनवाई के बाद जस्टिस अनिल उपमन की अदालत ने समझौते और तलाक को आधार मानते हुए आशीष मोदी और अन्य आरोपियों के खिलाफ दर्ज एफआईआर को रद्द करने का आदेश दे दिया।
गौरतलब है कि भारती दीक्षित ने अपने पति आशीष मोदी पर शराब पीकर धमकाने और मारपीट करने के आरोप लगाए थे। एफआईआर में उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि आशीष मोदी के कई महिलाओं से अवैध संबंध हैं।
आशीष मोदी वर्तमान में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग में निदेशक पद पर कार्यरत हैं, जबकि भारती दीक्षित वित्त विभाग में संयुक्त सचिव हैं। दोनों की पोस्टिंग जयपुर में है। आशीष मोदी भीलवाड़ा सहित कई जिलों में कलेक्टर के पद पर भी सेवाएं दे चुके हैं।
