पीरागढ़ी फ्लाईओवर पर तीन मौतों का खुलासा, पैसों के लालच में तांत्रिक ने जहर देकर की हत्या

Update: 2026-02-11 11:27 GMT

 नई दिल्ली। दिल्ली के पीरागढ़ी फ्लाईओवर पर कार में तीन शव मिलने की सनसनीखेज घटना से पुलिस ने पर्दा उठा दिया है। जांच में सामने आया है कि यह न तो सामूहिक आत्महत्या थी और न ही कोई हादसा, बल्कि पैसों के लालच में की गई साजिशन हत्या थी। पुलिस ने इस मामले में एक तांत्रिक को गिरफ्तार किया है, जिस पर आरोप है कि उसने शराब और कोल्ड ड्रिंक पिलाने के बाद जहर मिले लड्डू खिलाकर तीनों की जान ले ली और नकदी लेकर मौके से फरार हो गया।

बीते रविवार को पुलिस को फ्लाईओवर पर खड़ी एक कार में 76 वर्षीय रणधीर सिंह, 47 वर्षीय शिव नरेश और 40 वर्षीय लक्ष्मी के शव मिले थे। शुरुआती जांच में यह साफ नहीं हो पाया था कि यह हत्या है या आत्महत्या। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में पता चला कि कार में तीन नहीं बल्कि चार लोग मौजूद थे। इसके बाद पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल खंगालनी शुरू की।

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने एक दर्जन से अधिक तांत्रिकों से पूछताछ की। पुलिस को जानकारी मिली थी कि मृतक घटना से पहले किसी तांत्रिक से मिलने गए थे। जांच में यह भी सामने आया कि तीनों पहले आरोपी तांत्रिक के घर पहुंचे थे और बाद में उसे अपनी कार में बैठाकर पीरागढ़ी फ्लाईओवर की ओर ले गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार फ्लाईओवर पर पहुंचने के बाद कार कुछ देर तक खड़ी रही और फिर अचानक तांत्रिक कार से उतरकर भाग गया। आशंका है कि आरोपी लंबे समय से तंत्र मंत्र के जरिए परिवार को अमीर बनाने का झांसा दे रहा था। इसी लालच में उसने जहर देकर तीनों की हत्या की।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह जानने में जुटी है कि जहर कहां से लाया गया और वारदात को किस तरह अंजाम दिया गया। जांच एजेंसियां पूरे मामले की हर एंगल से पड़ताल कर रही हैं।

Similar News

जानलेवा हमले में घायल जगदीश की उदयपुर में मौत: परिजन और समाजजन सडक़ पर उतरे, गिरफ्तारी की मांग, शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार