बापूनगर के किराये के कमरे में मिला शव, कुछ समय पहले ही गांव में हुआ था बेटे का जन्म
भीलवाड़ा। शहर के बापूनगर इलाके में एक दर्दनाक घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया। उत्तरप्रदेश के एक युवक ने किराये के कमरे में फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। कुछ ही समय पहले वह पिता बना था और घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन अचानक आई इस खबर ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
प्रताप नगर थाना पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान दीपेंद्र 24 पुत्र रामबाबू अहीरवाल निवासी उमरखेड़ा, उर्रई जिला जालौन उत्तरप्रदेश के रूप में हुई है। वह यहां बापूनगर में पत्नी के साथ रहकर मजदूरी करता था। पत्नी गर्भवती होने के कारण कुछ समय पहले प्रसव के लिए गांव चली गई थी, जिसके बाद से दीपेंद्र अकेला रह रहा था।
गांव में जन्मा बेटा, यहां खत्म हो गई जिंदगी
दीपेंद्र की पत्नी ने हाल ही में गांव में बेटे को जन्म दिया था। परिवार नए सदस्य के आगमन की खुशियां मना ही रहा था कि दीपेंद्र की आत्महत्या की खबर ने सब कुछ बदल दिया।
पुलिस के अनुसार दीपेंद्र का शव बीती रात किराये के कमरे में कुंदे से बंधी रस्सी के फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मोर्चरी भिजवाया गया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
ऐसे हुआ खुलासा
परिजनों से दीपेंद्र की नियमित फोन पर बात होती थी। 10 फरवरी को आखिरी बार उसकी बात परिवार से हुई थी। इसके बाद जब लगातार कॉल करने पर भी उसने फोन रिसीव नहीं किया तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने यहां रह रहे दीपेंद्र के जीजा अजय को कमरे पर भेजा।
मकान मालिक की मदद से जब कमरा खोला गया तो दीपेंद्र फंदे से झूलता मिला। यह दृश्य देखकर जीजा ने तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी।
कारण अब भी रहस्य
दीपेंद्र ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।एक ओर जहां बेटे के जन्म की खुशियां थीं, वहीं दूसरी ओर परिवार का जवान बेटा हमेशा के लिए बिछुड़ गया। बापूनगर कॉलोनी में इस घटना से सनसनी फैल गई और लोग स्तब्ध रह गए।
