लूट का खुलासा:: तिलिस्वां मेले से पकड़ा गया आरोपित 'गूंगा', खेत में महिला से लूटे थे गहने

Update: 2026-02-20 09:48 GMT

 भीलवाड़ा प्रेमकुमार गढ़वाल। खेत में कृषि कार्य कर रही एक महिला को डरा-धमकाकर सोने के जेवरात लूटने की वारदात का बिजौलियां पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है, जो गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने डेरे छोड़कर तिलिस्वां मेले की भीड़ में छिपा हुआ था।

अकेली महिला को देख बदमाशों ने बनाया निशाना

घटना 5 फरवरी की है, जब लक्ष्मीखेड़ा निवासी 55 वर्षीय नंदभंवरी और उनके पति मदन धाकड़ अपने खेत पर काम कर रहे थे। पति खेत के दूसरे छोर पर था, तभी बाइक सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे। बदमाशों ने अकेली महिला को डराया और उसके गले से सोने का मंगलसूत्र व मांदलिया लूटकर फरार हो गए। शोर मचाने पर जब तक पति मौके पर पहुंचा, आरोपी ओझल हो चुके थे।

तिलिस्वां मेले में दबिश देकर पकड़ा गया आरोपी

पीड़ित पक्ष द्वारा 17 फरवरी को मामला दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई। बिजौलियां थाना प्रभारी स्वागत पांडिया के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। सूचना मिली कि वारदात के हुलिए से मिलता-जुलता एक संदिग्ध तिलिस्वां मेले में घूम रहा है। पुलिस ने तुरंत दबिश देकर चिताबड़ा निवासी नरेश उर्फ गूंगा (24) पुत्र रामपाल कंजर को धर दबोचा।

रिमांड पर आरोपी, साथियों की तलाश जारी

पूछताछ में नरेश ने लूट की वारदात स्वीकार कर ली है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 23 फरवरी तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से उसके दो फरार साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है और लूटे गए जेवरात की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।

 ये थे पुलिस टीम में शामिल

सहायक उप निरीक्षक सुनीलकुमार बेनीवाल, कांस्टेबल विश्राम, नरेंद्रकुमार पुनिया व राजवीर। 


Similar News