सड़क पर खड़े ट्रोले से टकराई बाइक, शिक्षक दंपती सहित भाभी की मौत; 15 बच्चों के सिर से उठा साया

Update: 2026-02-20 12:28 GMT

 डूंगरपुर। राजस्थान के डूंगरपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। बोरी गांव के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रोले से बाइक की भिड़ंत हो गई, जिसमें शिक्षक, उनकी पत्नी और भाभी की जान चली गई। इस हादसे ने दो परिवारों के 15 बच्चों को अनाथ कर दिया है।

शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा

एसआई रमेश चंद्र के अनुसार, ढेड़कों का वेला निवासी मगनलाल खराड़ी (54), जो राजकीय विद्यालय में अध्यापक थे, अपनी पत्नी विमला (45) और भाभी ललिता (45) के साथ बाइक पर सवार होकर हिराता गोल आंबा में एक शादी समारोह से घर लौट रहे थे। सीमलवाड़ा मार्ग पर बोरी मोड़ के समीप अंधेरे के कारण उनकी बाइक सड़क पर खड़े एक ट्रोले से जा टकराई।

अस्पताल पहुंचने से पहले और दौरान तोड़ा दम

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि शिक्षक मगनलाल और उनकी पत्नी विमला की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल भाभी ललिता को डूंगरपुर जिला अस्पताल से उदयपुर रेफर किया गया था, लेकिन शुक्रवार को उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक के भाई कांतिलाल की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

15 बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया

इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में मातम पसरा है। मृतक मगनलाल के 8 बच्चे (6 लड़कियां व 2 लड़के) हैं। वहीं, उनकी भाभी ललिता की 7 संतानें हैं, जिनके पिता की मृत्यु तीन साल पहले ही हो चुकी थी। अब इस हादसे के बाद दोनों परिवारों के कुल 15 बच्चों के सिर से माता-पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है।

Similar News