डोडा चूरा तस्करी मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार

Update: 2026-02-20 13:11 GMT

  भीलवाड़ा BHN. शाहपुरा जिले की फुलियाकलां थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध डोडा चूरा पूर्व में बरामद किया था, जिसके बाद से ही आरोपी की तलाश की जा रही थी।

स्टोर रूम में छिपा रखा था 25 किलो डोडा चूरा

जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 12 फरवरी को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम रामपुरा (देवरिया खेड़ा) में भारी मात्रा में अवैध नशा छिपाया गया है। इस पर उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह मय जाप्ता ने नारायण  गुर्जर के मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान घर के स्टोर रूम में दो कट्टों में भरा 25 किलो 180 ग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ था।

पुलिस को देख फरार हो गया था तस्कर

कार्रवाई के दौरान आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहा था, जिसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसकी सरगर्मी से तलाश शुरू की। थानाधिकारी भवानी सिंह (आरपीएस) के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी सूचनाओं के आधार पर आरोपी के छिपने के ठिकानों पर दबिश दी और अंततः आरोपी को दबोच लिया।

रिमांड पर आरोपी, खुलेगा तस्करी का नेटवर्क

गिरफ्तार आरोपी नारायण (34) पुत्र लादू गुर्जर को पुलिस ने न्यायालय में पेश कर पीसी रिमांड हासिल किया है। पुलिस अब आरोपी से यह पूछताछ कर रही है कि वह यह अवैध डोडा चूरा कहाँ से लाया था और इसे कहाँ सप्लाई करने की योजना थी। पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े अन्य बड़े नामों का भी खुलासा हो सकता है।

Similar News