चित्तौड़गढ़|काटूंदा के पास नेशनल हाईवे पर शुक्रवार को एक तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवार पिता-पुत्री को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
सामान लेकर लौट रहे थे घर: गोपालपुरा निवासी मिट्ठू सिंह (55) अपनी बेटी कल्पना (30) के साथ घरेलू सामान लेने बेगूं आए थे। वापस अपने गांव लौटते समय काटूंदा के पास पीछे से आ रहे बेकाबू कंटेनर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।मौके पर ही तोड़ा दम: टक्कर इतनी भीषण थी कि मिट्ठू सिंह और कल्पना की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। टक्कर मारने के बाद कंटेनर करीब 10 फीट दूर जाकर रुका और चालक मौके से फरार हो गया।परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़: जानकारी के अनुसार, मिट्ठू सिंह के 5 बेटियां थीं, जिनमें कल्पना दूसरे नंबर की थी। कल्पना का ससुराल निंबाहेड़ा के पास माल्या खेड़ी में है और वह पिता के साथ घर का सामान लेने आई थी।सूचना मिलते ही पारसोली पुलिस के एएसआई रामदयाल जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। तहसीलदार गोपाल जीनगर ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों शवों को काटूंदा सीएचसी पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने कंटेनर को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे की खबर मिलते ही अस्पताल में ग्रामीणों और परिजनों की भारी भीड़ जमा हो गई।