खौफनाक- बिजोलिया में आदमखोर का आतंक!: युवक की ली जान, क्षत-विक्षत हालत में मिला शव, मासूमों के सिर से उठा पिता का साया
भीलवाड़ा बीएचएन। बिजोलिया थाना इलाके के कास्या मार्ग पर बुधवार उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक का लहूलुहान शव झाडिय़ों के पास मिला। दृश्य इतना वीभत्स था कि देखने वालों की रूह कांप गई। गले पर जंगली जानवर के दांतों के गहरे निशान और चारों तरफ बिखरा खून इस बात की गवाही दे रहा था कि मौत कितनी दर्दनाक रही होगी।
दो मासूमों के सिर से उठा साया
मृतक की पहचान बहादुरजी का खेड़ा निवासी 35 वर्षीय ईश्वर पुत्र भीमा ओड के रूप में हुई है। ईश्वर अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गया है। घर के कमाऊ सदस्य की इस तरह अचानक और खौफनाक मौत ने पूरे परिवार को तोड़ कर रख दिया है। मासूम बच्चों के रोने-बिलखने से पूरे गांव का माहौल गमगीन है।
पुलिस और जांच टीमें पहुंची मौके पर
सूचना मिलते ही थाना अधिकारी स्वागत पाण्ड्या मय जाप्ता मौके पर पहुँचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर मिले जंगली जानवर के पदचिन्ह को सुरक्षित करवा दिया। जांच के लिए फोंरेंसिक टीम को मौके पर बुलवाया गया है। टीम ने साक्ष्य एकत्रित किये। साथ ही जानवर की पहचान के लिए वन विभाग के अधिकारियों को तलब किया गया है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि हमला किस जानवर ने किया है।
इलाके में दहशत का माहौल
धर्मराज के स्टॉक के पास मिली इस लाश ने ग्रामीणों में भारी आक्रोश और डर पैदा कर दिया है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में जंगली जानवरों की दस्तक लंबे समय से थी, लेकिन प्रशासन की लापरवाही ने आज एक जान ले ली।
इनका कहना है
शव की हालत देखकर स्पष्ट है कि हमला बहुत घातक था। हमने साक्ष्य सुरक्षित कर लिए हैं और वन विभाग के साथ मिलकर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
स्वागत पाण्ड्या, थाना अधिकारी, बिजोलियां
