​भीलवाड़ा: बनास नदी में माफियाओं पर पुलिस का प्रहार; 8 ट्रैक्टर ट्रालियां जब्त

Update: 2026-02-25 04:13 GMT

भीलवाड़ा। ​बडलियास क्षेत्र में अवैध बजरी खनन के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई में से एक को अंजाम दिया है। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के कड़े रुख के बाद, बीती रात बडलियास थाना क्षेत्र के पीथास गांव में बनास नदी के पेटे में दबिश देकर अवैध खनन में लिप्त 8 ट्रैक्टरों को डिटेन किया गया है।

​रात के अंधेरे में DST टीम की स्ट्राइक

​जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई आईपीएस माधव उपाध्याय के सुपरविजन में जिला विशेष टीम (DST) द्वारा की गई। टीम को सूचना मिली थी कि पीथास गांव के पास बनास नदी में बड़े पैमाने पर अवैध बजरी का दोहन किया जा रहा है। सूचना पर टीम ने रात के समय अचानक छापा मारा।

​चालक हुए फरार, पुलिस ने संभाला मोर्चा

​पुलिस की भारी मौजूदगी और अचानक हुई कार्रवाई को देख खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया। अंधेरे का फायदा उठाकर सभी ट्रैक्टर चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहे। हालांकि, टीम ने तत्परता दिखाते हुए बजरी से भरे सभी 8 ट्रैक्टरों को अपने कब्जे में ले लिया और उन्हें बडलियास थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस अब ट्रैक्टरों के नंबर के आधार पर मालिकों और फरार चालकों की तलाश में जुट गई है।

Similar News

गेहूं की आड़ में अफीम की खेती का पर्दाफाश:: बागौर पुलिस ने खेत से बरामद किए 2635 पौधे, किसान डिटेन