बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, औसत खरीद दर में 22 पैसे प्रति यूनिट की कटौती
जयपुर। राज्य सरकार ने प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए बिजली की औसत खरीद दर में 22 पैसे प्रति यूनिट की कमी करने का निर्णय लिया है। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने विधानसभा में ऊर्जा विभाग की अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान यह घोषणा की। विधानसभा में मंगलवार को ऊर्जा विभाग की 2 खरब 63 अरब 55 करोड़ 58 लाख 41 हजार रूपए की अनुदान मांगें ध्वनिमत से पारित कर दी गईं। इस दौरान सदन को संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री नागर ने कहा कि राज्य सरकार ने बीते दो वर्षों में योजनाबद्ध तरीके से प्रदेश के विद्युत तंत्र को सुदृढ़ किया है।
ऊर्जा मंत्री नागर ने कहा कि सरकार वर्ष 2027 तक सभी किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने के मुख्यमंत्री के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। वर्तमान में ग्रामीण क्षेत्रों के 5565 सब स्टेशनों में से 4115 सब स्टेशनों पर दिन के दो ब्लॉक में बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। शेष 1450 सब स्टेशनों पर भी दिन में आपूर्ति देने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जा रहा है। सरकार का ध्यान अब सौर ऊर्जा और अक्षय ऊर्जा के स्रोतों को बढ़ाने पर है ताकि उत्पादन लागत को और कम कर आमजन को सस्ती बिजली उपलब्ध कराई जा सके। बिजली खरीद दर में इस कटौती से डिस्कॉम के वित्तीय भार में कमी आएगी जिसका सीधा लाभ उपभोक्ताओं को मिल सकेगा।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें: समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455) विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129 संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455