हनुमान मंदिर में चोरी का खुलासा-: गांव के ही दो युवक गिरफ्तार, मौज-शौक और नशे के लिए चुनी थी चोरी की राह
भीलवाड़ा बीएचएन। जिले के धुंवाला गांव स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में हुई चोरी की वारदात का मांडल थाना पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में गांव के ही दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने पूछताछ में नशे की लत और मौज-शौक पूरे करने के लिए चोरी करना स्वीकार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरी की यह घटना 22 फरवरी, रविवार की सुबह सामने आई थी। जब ग्रामीण हमेशा की तरह मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे, तो हनुमान प्रतिमा से चांदी का मुकुट और हार गायब मिले। मंदिर का मुख्य द्वार टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था। सूचना पर पहुंची मांडल थाना पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस की विशेष टीमों ने गांव के निकास रास्तों और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। मामले की गंभीरता को देखते हुए दीवान हेमेंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने डीएसटी (ष्ठस्ञ्ज) के सहयोग से संदिग्धों पर नजर रखी। गहन जांच और ग्रामीणों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने धुंवाला निवासी सोनू सिंह (22) पुत्र रोशन दरोगा और शंकर (23) पुत्र लादू दरोगा को हिरासत में लिया।
कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों आरोपितों ने मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम देना कबूल किया। जांच अधिकारी हेमेंद्र सिंह ने बताया कि पकड़े गए दोनों युवक नशे के आदी हैं और अपने खर्चों व शौक को पूरा करने के लिए उन्होंने इस पवित्र स्थान को निशाना बनाया। पुलिस अब आरोपितों से पूछताछ कर चोरी किया गया माल बरामद करने के प्रयास कर रही है।