ट्रेन में छूटा 10 लाख के गहनों से भरा बैग 6 घंटे में मिला, यात्री के चेहरे पर लौटी मुस्कान
लूणी (जोधपुर)। भारतीय रेलवे की रेल मदद सेवा और सतर्क सुरक्षा बलों की सजगता से एक यात्री का कीमती सामान से भरा बैग सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। ट्रेन में यात्रा के दौरान गुम हुआ करीब 9 से 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात वाला यह बैग मात्र 5 से 6 घंटे के भीतर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई के बाद यात्री को सौंप दिया गया।
लूणी जीआरपी चौकी प्रभारी एएसआई कंचन राठौड़ ने बताया कि 25 फरवरी, बुधवार को यात्री कपिल देव अपनी माता शांति देवी के साथ ट्रेन संख्या 20490 से डीग से बाड़मेर तक की यात्रा कर रहे थे। सफर के दौरान उनका बैग कहीं गुम हो गया, जिसकी जानकारी यात्री को तब हुई जब ट्रेन लूणी स्टेशन से आगे निकल चुकी थी। घबराए यात्री ने तुरंत रेल मदद हेल्पलाइन नंबर 139 पर अपनी शिकायत दर्ज कराई।
ट्रेन के बाड़मेर पहुंचने पर यात्री ने बाड़मेर जीआरपी थाने में घटना की पूरी जानकारी दी। वहां से तत्काल सूचना लूणी जीआरपी को भेजी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को यार्ड में बैग की तलाश के लिए रवाना किया गया। तलाशी के दौरान वहां ड्यूटी पर तैनात गैंगमैन श्याम लाल ने एक बैग पड़े होने की जानकारी दी।
जीआरपी और आरपीएफ की मौजूदगी में बैग को खोलकर जांचा गया, जिसमें सोने की अंगूठी, सोने का मंगलसूत्र और अन्य कीमती सामान सुरक्षित पाए गए। इसके बाद यात्री को लूणी जीआरपी चौकी बुलाकर उनका सारा सामान सकुशल सुपुर्द किया गया। इस सफल बरामदगी टीम में जीआरपी से कांस्टेबल अशोक खोखर, आरपीएफ से एएसआई रमेश मीणा और हेड कांस्टेबल राजेश व्यास शामिल रहे।